बिहार सरकार ने प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। रविवार की छुट्टी के दिन सामान्य प्रशासन विभाग ने 15 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना की अधिसूचना जारी कर दी। इस फेरबदल में 5 पूर्व डीएम को नई जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। 4 आईएएस को विभिन्न विभागों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि एक को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। सभी को तत्काल नई जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया है।
तबादला सूची में सबसे अहम नाम उन 5 पूर्व डीएम का है जो पदस्थापना की प्रतीक्षा में थे। भागलपुर के पूर्व डीएम नवल किशोर चौधरी को बिहार राज्य संचरण कंपनी लिमिटेड का एमडी बनाया गया है। बांका के पूर्व डीएम नवदीप शुक्ला अब युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में विशेष सचिव होंगे। गोपालगंज के पूर्व डीएम पवन सिन्हा को उच्च शिक्षा विभाग में विशेष सचिव और किशनगंज के पूर्व डीएम विशाल राज को बिहार राज्य पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड का एमडी नियुक्त किया गया है। नालंदा के पूर्व डीएम प्रमोद कुमार को उच्च शिक्षा विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी मिली है।
पूर्णिया, गया व बिहारशरीफ के नगर आयुक्तों का तबादला कर सचिवालय और अन्य विभागों में भेजा गया है। मुजफ्फरपुर, भागलपुर और औरंगाबाद के डीडीसी को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। वित्त विभाग के विशेष सचिव मुकेश लाल को कृषि विभाग में निदेशक बनाया गया।
अतिरिक्त प्रभार व प्रभार से मुक्ति नगर विकास एवं आवास विभाग में सचिव के रूप में अनिमेष कुमार पराशर और विशेष सचिव के रूप में निलेश रामचंद्र देवरे को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। राहुल कुमार को बिहार राज्य संचरण कंपनी लिमिटेड के एमडी पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
