रथयात्रा से पूर्व माईस्थान मंदिर परिसर में स्वास्थ्य सेवा, मोतियाबिंद मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन की भी होगी व्यवस्था
रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर श्यामल प्रतीक
बीरगंज / रक्सौल, पूर्वी चंपारण, बिहार
बीरगंज –
गहवामाई रथयात्रा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्री गहवामाई तीर्थ क्षेत्र विकास समिति के तत्वावधान में शनिवार को माईस्थान मंदिर परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। समिति द्वारा गठित उपसमिति के संयोजक श्याम गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का उद्घाटन वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मनोज गुप्ता ने किया।
शिविर में समिति के अध्यक्ष श्याम पोखरेल, उपाध्यक्ष देवानन्द कलवार, सचिव पप्पू गुप्ता तथा कोषाध्यक्ष रवि अग्रवाल सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गहवामाई रथयात्रा के अवसर पर समाजसेवा की भावना से यह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद नागरिकों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
समिति के सचिव पप्पू गुप्ता ने जानकारी दी कि आगामी आषाढ़ 32 को आयोजित होने वाली गहवामाई रथयात्रा के उपलक्ष्य में लगाए गए इस स्वास्थ्य शिविर में 355 लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।
शिविर में नेत्र, दंत, हड्डी एवं जोड़ तथा कान संबंधी रोगों की जांच के साथ-साथ मधुमेह (डायबिटीज) और थायरॉयड की जांच की भी निःशुल्क व्यवस्था की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिए।
उपसमिति के संयोजक श्याम गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान जिन मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान हुई है, उनके लिए संस्था की ओर से निःशुल्क शल्यक्रिया (ऑपरेशन) की व्यवस्था भी कराई जाएगी, ताकि आर्थिक अभाव के कारण कोई मरीज उपचार से वंचित न रहे।
इस अवसर पर सह-संयोजक अनुप कुमार अग्रवाल सहित ओशन गुप्ता, राजन गुप्ता, ललित अग्रवाल, विवेक कुमार, मुन्ना सर्राफ एवं अन्य स्वयंसेवकों ने शिविर के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई

