शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के प्रशासनिक दावे हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। पटना जीपीओ और बुद्ध मार्ग जैसे अति-व्यस्त इलाकों को पूरी तरह ट्रैफिक मुक्त करने के उद्देश्य से करोड़ों की लागत से मल्टी मॉडल हब बनाया गया था, लेकिन आम जनता को इसका फायदा नहीं मिल रहा है। मल्टी मॉडल हब के सेकेंड फ्लोर पर वाहनों के आने-जाने का रास्ता पूरी तरह ब्लॉक रहता है, क्योंकि फर्स्ट फ्लोर पर ऑटो की बेतरतीब पार्किंग है। आने-जाने के लिए कार और ऑटो का एक ही साझा रास्ता है, जिसपर हर समय ऑटो का ही कब्जा रहता है।
इससे कार लेकर आने वाले चालकों को पार्किंग के भीतर जाने का रास्ता ही नहीं मिलता है। घंटों तक कारें इस जाम में फंसी रहती हैं, जिसके कारण लोग अपनी गाड़ियां अंदर ले जाने से कतराने लगे हैं। इस वजह से कार पार्किंग में एक भी फोर व्हीलर नजर नहीं आता है। वे दूसरी जगह कार पार्क करने लगते हैं, जिससे पटना जंक्शन के आसपास जाम लगा रहता है। इसी तरह, जीपीओ गोलंबर के आसपास भी ऑटो वालों का कब्जा रहता है, जिससे आर ब्लॉक आने-जाने वाले वाहनों को दिक्कत होती है।
हब की इस अव्यवस्था से यात्री और वाहन चालक, दोनों बेहद परेशान हैं। कार चालकों का कहना है कि सरकार द्वारा करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद भी अगर उन्हें सड़कों पर या जाम में ही गाड़ी खड़ी करनी पड़े, तो ऐसी व्यवस्था का क्या फायदा? उनका कहना है कि स्थानीय प्रशासन और नगर निगम को इस हब के एंट्री और एग्जिट रूट को व्यवस्थित करना होगा। कार और ऑटो के लिए अलग-अलग लेन बनाना होगा। साथ ही रैंप को पूरी तरह नो-पार्किंग जोन घोषित कर वहां नियमित ट्रैफिक पुलिस की तैनाती करनी होगी।
मनमर्जी
जिस उद्देश्य से बना था हब, उसी पर फिर गया पानी
इस मल्टी मॉडल हब का निर्माण विशेष रूप से जीपीओ गोलंबर, बुद्धमार्ग, पटना जंक्शन और मल्टी लेवल पार्किंग व्यवस्था को आपस में जोड़कर इस पूरे क्षेत्र को ‘नो-जाम जोन’ बनाने के लिए किया गया था। योजना थी कि जंक्शन आने-जाने वाले ऑटो और अन्य वाहन इस हब के अंदर सुनियोजित तरीके से चलेंगे और सड़कों पर दबाव कम होगा। लेकिन, सुरक्षाकर्मियों और ट्रैफिक पुलिस द्वारा नियमित मॉनिटरिंग नहीं होने के कारण चालक अपनी मर्जी से जहां-तहां गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं। ऑटो के मनमाने कब्जे
से आम लोग बेहाल
पटना जंक्शन स्थित आरएमएस के पीछे रेलवे ने नई पार्किंग बनाई है, ताकि जीपीओ गोलंबर के पास जाम नहीं लगे। लेकिन, जीपीओ मीठापुर फ्लाइओवर के नीचे ऑटो खड़ी कर जाम लगाते हैं। जीपीओ गोलंबर से महज 100 मीटर दूरी पर मल्टी मॉडल हब है। फिर भी जीपीओ गोलंबर से ऑटो का परिचालन किया जा रहा है। इस वजह से हर समय जीपीओ गोलंबर के पास जाम लगा रहता है।
