वीरगंज में पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, सम्मानजनक श्रम और समान भागीदारी पर जोर
श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर
वीरगंज नेपाल -सहकारी संस्थाओं के माध्यम से देखभाल सेवाओं, लैंगिक समानता और समावेशीकरण को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो गया।
दिगो शांति लघु किसान कृषि सहकारी संस्था लिमिटेड, वीरगंज-31, सोलखपुर के आयोजन में हुए प्रशिक्षण में सहकारी संस्थाओं में लैंगिक समावेशी नीतियों, महिला-पुरुषों की समान भागीदारी, सम्मानजनक श्रम तथा समुदाय आधारित देखभाल सेवाओं के संचालन से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सहकारी संस्थाएं केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर सामाजिक समानता और समुदाय आधारित देखभाल व्यवस्था को मजबूत करने में भी प्रभावी भूमिका निभा सकती हैं।
प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर सम्मान, समान अवसर और स्थानीय जरूरतों के अनुसार देखभाल सेवाओं को विकसित करने के तरीके बताए गए। समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और अनुभव को अपनी-अपनी सहकारी संस्थाओं और समुदाय के अन्य सदस्यों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।
संस्था की अध्यक्ष संगीता देवी थरुनी ने प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और कौशल को व्यवहार में उतारकर सहकारी संस्था और समुदाय स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले प्रशिक्षकों, प्रतिभागियों, सहकारी सदस्यों और अन्य सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयोजकों के अनुसार, पांच दिवसीय प्रशिक्षण से सहकारी क्षेत्र से जुड़े सदस्यों में लैंगिक समानता, सम्मानजनक श्रम और समुदाय आधारित देखभाल सेवाओं को लेकर समझ और जागरूकता बढ़ी है।
