मोतिहारी वन प्रमंडल ने कोटवा के तीन विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच वितरित किए पौधे
श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर
कोटवा (पूर्वी चंपारण)। ‘पर्यावरण की पाठशाला’ में बच्चों ने पौधे लगाने और उनकी देखभाल के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। मोतिहारी वन प्रमंडल, मोतिहारी की ओर से कोटवा प्रखंड के तीन विद्यालयों में उपस्थित छात्र-छात्राओं के बीच पौधों का वितरण किया गया।
इस पहल के तहत जसौली पट्टी पंचायत के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय पट्टी और मध्य विद्यालय महात्मा पट्टी तथा जगिरहा पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बैरिया के बच्चों को पौधे दिए गए।
छात्र-छात्राओं ने मिले पौधों को सुरक्षित स्थानों पर लगाने और उनकी देखरेख करने की जिम्मेदारी ली। साथ ही लोगों को पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प भी दोहराया। इस पहल से बच्चों को पर्यावरण की सीख के साथ पौधों के संरक्षण की व्यावहारिक जिम्मेदारी से जोड़ा गया।
कार्यक्रम को आगे बढ़ाने में सहयोग के लिए मोतिहारी वन प्रमंडल और संबंधित विद्यालय परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
