बाढ़ ने रास्ते रोके, प्रशासन ने नहीं—नाव से पीड़ित परिवारों तक पहुंची राहत

चटिया बड़हरवा पंचायत के तीन वार्डों में फल, बिस्कुट और पानी का वितरण; संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों तक पहुंचा प्रशासन

रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर श्यामल प्रतीक की रिपोर्ट

अरेराज,पूर्वी चम्पारण । चारों ओर बाढ़ का पानी और आवागमन बाधित। ऐसे मुश्किल हालात में जब सुबह की छोटी-छोटी जरूरतें भी बड़ी चुनौती बन जाएं, तब नाव पर नाश्ता लेकर प्रशासन का पहुंचना प्रभावित परिवारों के लिए राहत और भरोसे का संदेश बन गया।

चटिया बड़हरवा पंचायत के वार्ड संख्या 01, 02 और 03 के बाढ़ प्रभावित परिवारों तक अरेराज प्रशासन ने नाव के माध्यम से सेब, केला, बिस्कुट के पैकेट और पेयजल पहुंचाया।

अरेराज अंचलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी राहत सामग्री लेकर पानी से घिरे इलाकों तक पहुंचे। वहीं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के स्तर से भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक समय पर सहायता पहुंच सके।

सामान्य दिनों में मामूली लगने वाला एक पैकेट बिस्कुट, कुछ फल और पानी बाढ़ के बीच फंसे परिवारों के लिए उस समय बड़ी राहत बन गया। कठिन रास्तों के बावजूद प्रशासनिक टीम का सीधे प्रभावित परिवारों तक पहुंचना इस राहत अभियान का सबसे मानवीय पक्ष रहा।

बाढ़ ने रास्ते जरूर रोके, लेकिन राहत का रास्ता नहीं रुकने दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *