आदापुर थाना से आरोपी फरार, एसपी स्वर्ण प्रभात की सख्त कार्रवाई; एसआई और चौकीदार निलंबित

पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने के मामले को एसपी ने लिया गंभीरता से; OD पदाधिकारी एसआई वीरेंद्र राम व चौकीदार सुरेंद्र राय पर गिरी गाज

मोतिहारी/आदापुर। पूर्वी चंपारण के आदापुर थाना से पुलिस अभिरक्षा में रखा गया चोरी का एक आरोपी फरार हो गया। मामले में सुरक्षा ड्यूटी के दौरान सामने आई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तत्काल कार्रवाई करते हुए OD पदाधिकारी एसआई वीरेंद्र राम और चौकीदार सुरेंद्र राय को निलंबित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी के मामले में पकड़े गए दो आरोपियों को आदापुर थाना की हाजत में रखा गया था। इसी दौरान उनमें से एक आरोपी शौचालय जाने के बहाने बाहर निकला और मौका पाकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना स्तर पर उसकी तलाश शुरू कर दी गई।

मामला सीधे तौर पर पुलिस अभिरक्षा और थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा होने के कारण एसपी स्वर्ण प्रभात ने इसे गंभीरता से लिया। प्रारंभिक स्तर पर ड्यूटी में लापरवाही सामने आने के बाद OD पदाधिकारी एसआई वीरेंद्र राम तथा चौकीदार सुरेंद्र राय के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

घटना के बाद फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर तलाश और छापेमारी में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने की प्रक्रिया भी जारी है कि पुलिस अभिरक्षा में होने के बावजूद आरोपी किन परिस्थितियों में फरार होने में सफल रहा।

एसपी की त्वरित कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि पुलिस अभिरक्षा और थाना सुरक्षा जैसे संवेदनशील मामलों में ड्यूटी के प्रति लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाएगी। अब पुलिस के सामने प्राथमिक चुनौती फरार आरोपी को जल्द दोबारा गिरफ्तार करने की है।

विशेष रिपोर्ट | श्यामल प्रतीक
पूर्वी चंपारण जिला संवाददाता | बिहार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *