MLC चुनाव के लिए पर्चा भरने पहुंचे नीरज, सीनियर लीडर साथ नहीं;
कई दिग्गजों का आज नामांकन
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव है। पटना स्नातक सीट से जदयू के नीरज कुमार पर्चा दाखिल करने निकले हैं। ओपन जीप में वो समर्थकों के साथ आयुक्त कार्यालय पहुंचे हैं। हालांकि, रोड शो के दौरान पार्टी का कोई सीनियर लीडर साथ नहीं दिखा।
बता दें, नीरज कुमार का अपनी ही पार्टी के मोकामा विधायक अनंत सिंह के खुलकर विरोध कर रहे हैं। अनंत सिंह ने जनसुराज कैंडिडेट के पक्ष में रोड शो भी किया है।

नीरज कुमार के अलावा जदयू के बाकी 3 कैंडिडेट, बीजेपी के 2, कांग्रेस के 3 प्रत्याशी भी अपना पर्चा दाखिल करेंगे। मुजफ्फरपुर में जदयू प्रत्याशी अभिषेक झा नामांकन के बाद जनसभा करेंगे। जिसमें एनडीए के बड़े नेता शामिल होंगे।
इधर, नामांकन की हलचल के बीच एनडीए और खासकर कुशवाहा की पार्टी में बगावत दिख रही है। पार्टी के 3 विधायकों ने सारण शिक्षण क्षेत्र से निर्दलीय कैंडिडेट रामपुकार सिन्हा का सपोर्ट किया है। जबकि इस सीट से जदयू के पुष्कर आनंद मैदान में हैं।
अनंत बोले- नीतीश को मानता हूं, लेकिन नीरज से पुराना हिसाब है
अनंत सिंह ने नीरज कुमार के विरोध को लेकर कहा है कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मानते हैं और उनके लिए उन्होंने काफी कुछ किया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को बनाया है और वे उनके दीवाने हैं। लेकिन नीरज के साथ अपने पुराने विवाद को लेकर उनका कहना है कि जब वे विधानसभा चुनाव लड़ रहे थे, तब नीरज ने उनके खिलाफ काम किया था।

अनंत सिंह का कहना है कि अगर पार्टी में कोई नीति और नियम है तो वह सभी के लिए समान होना चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा कि “पार्टी रहे या ना रहे, मैं किसी का कर्मचारी नहीं हूं।
अनंत सिंह ने जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के पक्ष में नवादा और नालंदा में भी प्रचार किया। नवादा के वारिसलीगंज में उन्होंने लोगों से अनुज सिंह को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें इतना वोट मिले कि पेटी भर जाए और विरोधी की जमानत जब्त हो जाए।
