अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन; सौरंजन यादव ने मतदाता सूची से नाम हटाने में पक्षपात का लगाया आरोप
श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर, चाणक्य न्यूज़ इंडिया
रक्सौल- मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़ी कथित अनियमितताओं के विरोध में इंडिया गठबंधन समन्वय समिति, रक्सौल ने बुधवार को अंबेडकर चौक पर आक्रोश मार्च निकाला और पुतला दहन किया। आयोजकों की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुतले फूंके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के प्रखंड अध्यक्ष सौरंजन कुमार यादव ने की। समिति के मुताबिक, यह कार्यक्रम बिहार इंडिया गठबंधन समन्वय समिति के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित किया गया।
सौरंजन यादव ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर भाजपा के इशारे पर गरीब, दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम सूची से हटाने का आरोप लगाया। इसे “लोकतंत्र की हत्या” बताते हुए उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ऐसी स्थिति को बर्दाश्त नहीं करेगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “झोला भगाओ, लोकतंत्र बचाओ” के नारे लगाए। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में राजद, कांग्रेस, वीआईपी, भाकपा, माकपा और माले के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
विज्ञप्ति में उपस्थित लोगों में पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अखिलेश दयाल, प्रमोद राय, नूरलाह खान, फखरुद्दीन आलम, सुनील कुशवाहा, मदन गुप्ता, मनोरंजन तिवारी, अनिल पान, दुर्गेश कुमार, अरमान आलम, संजय यादव, नितेश गुप्ता, सुभाष यादव, रमाशंकर यादव, सुमित कुमार, मृणाल किशोर, नासिर आलम, उमर अंसारी, ओम गुप्ता, संदीप यादव, नवीन यादव, छोटेलाल चौरसिया और रवि भारती के नाम शामिल हैं।
