47वीं वाहिनी मुख्यालय में विशेष कार्यशाला, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डेटा सुरक्षा की दी गई जानकारी
श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर
रक्सौल। ‘राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह’ के अंतर्गत सशस्त्र सीमा बल की 47वीं वाहिनी, रक्सौल के मुख्यालय में 8 अक्टूबर 2026 को संदीक्षा सदस्याओं के लिए विशेष साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में सहायक कमांडेंट (संचार) संजय कुमार ने उपस्थित सदस्याओं को ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया से जुड़ी धोखाधड़ी और डेटा की सुरक्षा के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने साइबर अपराध की स्थिति में शिकायत दर्ज करने के उपलब्ध माध्यमों से भी परिचित कराया।
इस दौरान राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के प्रति सदस्याओं को जागरूक किया गया।
एसएसबी की इस पहल के माध्यम से संदीक्षा सदस्याओं तक साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी पहुंचाई गई, ताकि वे डिजिटल सेवाओं का उपयोग करते समय जोखिमों को समझ सकें और धोखाधड़ी होने पर शिकायत के उचित माध्यमों का उपयोग कर सकें।
ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर सूचना दें। साइबर अपराध की शिकायत “राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल” (https://cybercrime.gov.in/) पर दर्ज की जा सकती है|
