पूर्वी चंपारण के 59 पंचायतों में 18 अगस्त को लगेगा सहयोग शिविर

21 प्रखंडों में एक साथ होगा छठे चरण का आयोजन, डीएम सौरभ सुमन यादव ने अधिकारियों को दिए निर्देश

टोल फ्री नंबर 1100 पर मिलेगी जानकारी, ऑनलाइन भी दर्ज करा सकेंगे परिवाद

श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर
चाणक्य न्यूज़ इंडिया

मोतिहारी। आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का पंचायत स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्वी चंपारण जिले में 18 अगस्त 2026 को छठे चरण के सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस चरण में जिले के शेष 21 प्रखंडों की 59 पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे।

बिहार सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार आयोजित किए जा रहे इन शिविरों का उद्देश्य आम लोगों को अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर उपलब्ध कराना तथा प्राप्त मामलों का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि उन्हें आवंटित प्रखंड एवं पंचायतों में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सहयोग शिविर को सफल बनाएं। प्रखंड से लेकर पंचायत स्तर तक संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

रक्सौल अनुमंडल में भी कई पंचायतों में लगेंगे शिविर

आदापुर प्रखंड की भेरीहारी, बखरी और कोरैया पंचायत में शिविर आयोजित होगा। इसके लिए उप विकास आयुक्त पूर्वी चंपारण डॉ. प्रदीप कुमार को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।

छौड़ादानो प्रखंड की खैरवा और जीतपुर पंचायत में शिविर लगेगा, जिसके लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया है।

रामगढ़वा प्रखंड की मुरला और बेला पंचायत में शिविर का आयोजन होगा और अनुमंडल पदाधिकारी, रक्सौल इसके नोडल पदाधिकारी होंगे। वहीं रक्सौल प्रखंड की पलनवा जगधर, लौकरिया और परसौना तपसी पंचायत में भी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा।

इन प्रखंडों की पंचायतों में भी होगा आयोजन

चिरैया की पकड़ी कपूर, रूपहारा, रामपुर दक्षिणी, सेमरा, खरतरी पूर्वी और मिश्रौलिया, ढाका की चंदन बारा, जमुआ, मलकौनिया, पचपकड़ी, झिटकही और भंडार, जबकि घोड़ासहन की विजयी, समनपुर और लौखान पंचायत में शिविर लगेगा।

इसी तरह मधुबन की कौरिया, मधुबन उत्तरी व मधुबन दक्षिणी, पताही की पताही पूर्वी व पताही पश्चिमी, बंजरिया की फुलवार उत्तरी व फुलवार दक्षिणी, कोटवा की जागीराहा व भोपतपुर उत्तरी, मोतिहारी की गोढवा व रुलही, सुगौली की श्रीपुर उत्तरी व श्रीपुर दक्षिणी तथा चकिया की बरमदिया व बैशहा पंचायत में शिविर आयोजित होंगे।

कल्याणपुर की राजपुर, शंभू चक, सिसवा पटना, परसौनी वाजिद और कल्याणपुर, केसरिया की बथना, मठिया और पश्चिमी सुंदरापुर, मेहसी की परसौनी देवाजीत, महम्मदपुर मझौलिया और उझीलपुर, अरेराज की नगदाहा और चटिया चिंतामनपुर, हरसिद्धि की हरपुरराय, मुरारपुर और गायघाट, पहाड़पुर की पूर्वी सिसवा और इनरवा भार तथा संग्रामपुर की मधुबनी दक्षिणी और मधुबनी पश्चिमी पंचायत में भी सहयोग शिविर लगाए जाएंगे।

30 दिनों के भीतर परिवाद के निष्पादन का लक्ष्य

सहयोग शिविर से संबंधित जानकारी टोल फ्री नंबर 1100 पर सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक प्राप्त की जा सकती है। नागरिक बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल पर भी ऑनलाइन परिवाद दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन के अनुसार परिवाद दर्ज होने की तारीख से 30 दिनों के अंदर निष्पादन सुनिश्चित करने का प्रावधान है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 18 अगस्त को शिविर आयोजित होने से पहले संबंधित पंचायतों में अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त किए जाएं और प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

इससे पहले फेनहारा के सभी 6, पिपराकोठी के 6, तेतरिया के 9, पकड़ीदयाल के 9, बनकटवा के 10 और तुरकौलिया प्रखंड के सभी 14 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जा चुके हैं।

प्रशासन गांव तक, समाधान पंचायत स्तर पर

सहयोग शिविर के माध्यम से जिला प्रशासन की कोशिश है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार जिला या प्रखंड मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े और सरकारी व्यवस्था पंचायत स्तर पर ही उनकी शिकायतों के समाधान तक पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *