एंकर : महराजगंज, 26 नवम्बर 2026, राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर जनपद महराजगंज में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी की अध्यक्षता में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी डॉ. ऋषिकेश दर्शन, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सिद्धार्थनगर एवं उप दुग्धशाला विकास अधिकारी, महराजगंज की उपस्थिति में दुग्ध उत्पादन एवं गोसंरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालकों और गोशाला संचालकों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जनपद में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम लक्ष्मीपुर खास निवासी पशुपालक श्री बाबूलाल गुप्ता को गाय की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, गोशाला संचालन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संचालकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। इनमें बृहद गो संरक्षण केंद्र मधुकरपुर महदेवा के संचालक श्री राम निवास गौतम (जीवनशक्ति प्रगति जी फाउंडेशन), बृहद गोआश्रय स्थल अहमदपुर उर्फ हड़हवा के संचालक श्री चंद्रप्रकाश गुप्ता, कान्हा उपवन के संचालक श्री यशवंत राव, गोआश्रय स्थल चकदह के संचालक श्री बंदेश्वर सिंह तथा गोसदन मधवलिया की संचालक संस्था नेचर क्लाइमेट फाउंडेशन शामिल रहे। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य पशुपालकों को पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं नोडल अधिकारी ने शासन द्वारा संचालित नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना तथा मुख्यमंत्री गौ-संवर्धन योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए पशुपालकों को गोवंश संवर्धन एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने इन योजनाओं का लाभ उठाकर पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाने का आह्वान किया।
उप दुग्धशाला विकास अधिकारी ने मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि स्वदेशी नस्ल की गाय पालने वाले ऐसे पशुपालक, जिनकी गाय का ब्यांत 45 दिन से कम हुआ हो, उन्हें गाय की दुग्ध उत्पादन क्षमता के आधार पर 10 हजार से 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाती है। उन्होंने पात्र पशुपालकों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में जनपद के पशुपालक, गोशाला संचालक एवं प्रबंधक सहित पशुपालन विभाग के उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं संबंधित अधिकारी तथा पशु चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।

लोकेशन: महराजगंज, उत्तर प्रदेश रिपोर्ट : गिरिजानन्द शर्मा ब्यूरो हेड : महराजगंज स्लग: राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर जनपद महराजगंज के दुग्ध उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालकों व गौ संरक्षकों को किया गया सम्मानित ।
