देरी और अवैध राशि की मांग पर व्हाट्सऐप से कर सकेंगे शिकायत, जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर
चाणक्य न्यूज़ इंडिया
मोतिहारी। पूर्वी चम्पारण में अग्नि सुरक्षा ऑडिट प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने की पहल की गई है। जिला अग्निशमन पदाधिकारी मो. आरिफुज्ज़मान ने बताया कि संबंधित आवेदनों का निष्पादन 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। निर्धारित अवधि के बाद भी आवेदन लंबित रहने पर आवेदक व्हाट्सऐप हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत कर सकेंगे।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आवेदकों की समस्याओं के समाधान और लंबित मामलों की निगरानी के लिए व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 9031852638 उपलब्ध कराया गया है। शिकायत करते समय आवेदक को अपने आवेदन का विवरण और उपलब्ध आवेदन संख्या साझा करनी होगी, ताकि संबंधित मामले की पहचान कर उसके निस्तारण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अग्नि सुरक्षा ऑडिट या प्रमाण-पत्र जारी करने के बदले अवैध राशि की मांग, अनुचित लाभ लेने और पक्षपात को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। किसी पदाधिकारी या कर्मी द्वारा अवैध राशि मांगे जाने पर भी इसी व्हाट्सऐप नंबर पर शिकायत की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य अनावश्यक देरी दूर करना, व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ाना और आवेदकों को पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना है। इससे आम नागरिकों के साथ अस्पतालों, होटलों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और अन्य संस्थानों के आवेदनों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
