लुधियाना, 27 नवंबर ( ): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ज़िला लुधियाना शहरी के अध्यक्ष श्री सुनील मोदगिल ने आज यहां कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के 756 कच्चे कर्मचारियों की पिछले 21 दिनों से जारी हड़ताल के कारण सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के पूरी तरह ठप होने पर आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब सरकार को आड़े हाथों लिया है। भाजपा ज़िला अध्यक्ष ने कहा कि दूसरे राज्यों में ‘स्वास्थ्य क्रांति’ का झूठा ढिंढोरा पीटने वाली ‘आप’ सरकार की उदासीनता के कारण अकेले लुधियाना ज़िले के सभी 236 आयुष्मान आरोग्य केंद्रों में ओपीडी सेवाएं पूरी तरह बंद पड़ी हैं, जिससे गरीब और ग्रामीण मरीज़ बुनियादी इलाज तथा दवाइयों के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
बच्चों की स्क्रीनिंग, टीबी के टेस्ट और लैब सेवाएं ठप; मरीजों का जीवन खतरे में-
मोदगिल ने कहा कि सिविल सर्जन कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी), टीबी विंग और सरकारी अस्पतालों की लैब के कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से ज़िले का पूरा स्वास्थ्य तंत्र पटरी से उतर चुका है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) का काम पूरी तरह ठप होने से बच्चों की गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग बंद पड़ी है, जबकि टीबी के मरीजों के टेस्ट और मुफ्त दवाओं का वितरण रुकने से मरीजों का जीवन खतरे में पड़ गया है। इसके अलावा लैब तकनीशियनों के धरने के चलते रक्त परीक्षण और ऑनलाइन रिपोर्टिंग पूरी तरह ठप हो चुकी है।
चुनावी वादे से मुकरी सरकार; स्वास्थ्य सेवाएं बहाल करने के लिए कर्मचारियों की मांगें तुरंत माने: भाजपा
भाजपा नेता ने कहा कि चुनावों से पहले कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के बड़े-बड़े वादे करने वाली ‘आप’ सरकार आज अपने ही स्वास्थ्य कर्मियों को सड़कों पर धरने देने के लिए मजबूर कर रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार आज 27 नवंबर की बैठक में कर्मचारियों को नियमित करने, समान कार्य-समान वेतन देने और ग्रेच्युटी लागू करने का लिखित नोटिफिकेशन जारी करे ताकि लाखों आम नागरिकों की स्वास्थ्य सेवाएं बहाल हो सकें।
