बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक
मोतिहारी। 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), मोतिहारी की ओर से 11 सितंबर को सीमा चौकी विंध्यवासिनी के कार्यक्षेत्र अंतर्गत विंध्यवासिनी गांव में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वाहिनी के कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने, उनके साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त करने और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उन्हें समान अवसर प्रदान करने की अपील की गई। एसएसबी के जवानों ने बताया कि एक शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटी परिवार के साथ पूरे समाज को सशक्त बनाती है।
एसएसबी ने सीमाओं की सुरक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संदेश दिया—
“बेटी बचाएं, बेटी पढ़ाएं—सशक्त बेटी, सशक्त समाज।”
