मस्जिद के काजी ने रेप किया, अश्लील VIDEO बनाया:दोस्तों ने वायरल करने की धमकी देकर ₹50 हजार मांगे; फरीदाबाद पुलिस ने तीन गिरफ्तार किए

फरीदाबाद की युवती के लिए बिहार स्थित ननिहाल में हुई दोस्ती मुसीबत बन गई। मस्जिद में काजी का काम करने वाले युवक पर युवती का भरोसा जीतकर रेप करने और उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप है।

बाद में यही वीडियो उसके दो साथियों के हाथ लग गई, जिन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती से 50 हजार रुपए मांगने शुरू कर दिए।

शिकायत मिलने पर फरीदाबाद पुलिस ने बिहार में दबिश देकर काजी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, युवती साल 2019 में अपने ननिहाल बिहार गई थी। इसी दौरान उसकी पहचान मुजफ्फरपुर जिले के सरियां गांव निवासी कमर राजा से हुई। कमर राजा अपने गांव की मस्जिद में काजी का काम करता था। आरोप है कि उसने युवती का विश्वास जीतकर उसके साथ संबंध बनाए और उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो रिकॉर्ड कर ली।

मोबाइल से निकली वीडियो, फिर शुरू हुई ब्लैकमेलिंग

पुलिस जांच में सामने आया है कि वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद आरोपी युवती का मानसिक और शारीरिक शोषण करता रहा। युवती लंबे समय तक इस मामले को लेकर चुप रही। जून 2026 में कमर राजा का मोबाइल उसके दो साथियों के हाथ लग गया। मुजफ्फरपुर के मंसूरपुर चमरूआ निवासी मोहम्मद शहनवाज और बथना डीह निवासी सादमान ने मोबाइल में मौजूद आपत्तिजनक वीडियो और फोटो के आधार पर युवती को धमकाना शुरू कर दिया।

फोटो-वीडियो वायरल होने पर पहुंची पुलिस के पास

आरोपियों ने सोशल मीडिया पर सामग्री वायरल करने की धमकी देकर उससे 50 हजार रुपए की मांग की। युवती को जब पता चला कि उसकी फोटो और वीडियो वायरल हो चुकी हैं, तब उसने 6 जून को महिला थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट, जबरन वसूली समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

बिहार से तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि महिला थाना सेंट्रल और अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने कार्रवाई करते हुए बिहार में दबिश दी और कमर राजा, मोहम्मद शहनवाज तथा सादमान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल भी बरामद कर लिया। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *