बांदा। जनपद बांदा के बड़ोखर विकास खंड के ग्राम पंचायत चाहितारा में गौशाला बनकर तैयार होने के बाद भी संचालित न किए जाने, गोवंश द्वारा किसानों की फसल नष्ट किए जाने और सचिव व खंड विकास अधिकारी की घोर लापरवाही / कमीशनखोरी के विरोध में आज विश्व हिन्दू महासंघ, गौरक्षा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों व किसानों ने जिलाधिकारी, बांदा व मंडलायुक्त, चित्रकूटधाम मंडल, बांदा दोनों को ज्ञापन सौंपा।
साथ ही जिलाधिकारी के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज, उत्तर प्रदेश सरकार, लखनऊ को प्रार्थना पत्र भेजा गया है।
ज्ञापन सौंपते हुए जिला अध्यक्ष – गौरक्षा प्रकोष्ठ महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि चाहितारा में गौशाला का निर्माण पूर्ण हो चुका है। गौशाला में तीन शेड, भूसा घर, चरही, पानी की टंकी बनकर तैयार हैं और सैकड़ों कुंटल भूसा भी डंप पड़ा है। सरकार का करोड़ों रुपया खर्च हो चुका है, लेकिन दुर्भाग्य है कि आज तक गौशाला को संचालित नहीं किया गया है। गौशाला पर ताला लटका है और गोवंश खुले में घूमकर किसानों की फसलों को रोजाना नष्ट कर रहा है।
महेश कुमार प्रजापति ने कड़े शब्दों में कहा कि – “ये सिर्फ लापरवाही नहीं है, ये मुख्यमंत्री जी के आदेश की अवहेलना है, ये शासन के साथ धोखा है, ये गौ माता और किसान दोनों के साथ विश्वासघात है। जब सारी व्यवस्था सरकार ने कर दी है, तो फिर गौशाला चालू करने में किस बात की देरी है ? इसका जवाब सचिव और बीडीओ को देना होगा।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज के सख्त निर्देश हैं कि गोवंशों को गौशाला में संरक्षित किया जाए और किसानों की फसल बचाई जाए। लेकिन चाहितारा में उनके ही निर्देशों की धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं। यहाँ के जिम्मेदार अधिकारी आदेश को ठेंगा दिखा रहे हैं और किसानों को ही लूटा जा रहा है।
किसानों का फूटा आक्रोश –
किसानों ने जिलाधिकारी व मंडलायुक्त के सामने साफ कहा कि चाहितारा में हजारों बीघा जमीन बंजर होने की संभावना है। किसान कर्ज लेकर फसल बो चुके हैं, लेकिन आवारा गोवंश प्रतिदिन उन फसलों को नष्ट कर रहा है। किसान रात-रात भर खेतों में जागकर फसल बचा रहा है, लेकिन फिर भी फसल नहीं बच पा रही है। अगर यही स्थिति रही, तो किसान बर्बाद हो जाएगा।
किसानों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के अंदर गोवंश को गौशाला में संरक्षित नहीं किया गया, तो किसान 2027 विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। किसान सरकार से नाराज नहीं है, किसान अधिकारियों की लापरवाही से नाराज है।
हमारी मांग – निवेदन नहीं –
1. चाहितारा गौशाला को 24 घंटे के अंदर तत्काल प्रभाव से संचालित कराकर समस्त गोवंश को गौशाला में संरक्षित किया जाए।
2. गौशाला संचालित न करने वाले ग्राम पंचायत सचिव व खंड विकास अधिकारी, बड़ोखर के खिलाफ तत्काल जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जाए, और कमीशनखोरी के आरोप की भी जांच कराई जाए।
3. किसानों के हुए फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर मुआवजा दिलाया जाए।
4. जनपद बांदा की सभी बंद / अर्धनिर्मित गौशालाओं का निरीक्षण कराकर उन्हें तत्काल चालू कराया जाए।
महेश कुमार प्रजापति ने कहा – “गौ माता की रक्षा और किसान की फसल बचाना ही हमारा धर्म है। अगर 24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई, तो हम किसानों के साथ सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। अब चेतावनी का समय खत्म, अब कार्रवाई का समय है।”
इस मौके पर उपस्थित रहे –
किसान कमलाकांत तिवारी, रामबाबू तिवारी, छोटा गौतम, लल्लू, राम प्रसाद, राजेंद्र कुमार, कौशल, प्रेम प्रकाश, ओम प्रकाश, रामबली, मुन्ना, जय करण, राज बहादुर, लोहा सिंह, महेश कुमार, धुरिया तथा संगठन के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनय गुप्ता, जिला मंत्री दीपक शुक्ला, अधिवक्तापुर जिला अध्यक्ष रजनीश प्रजापति आदि कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जारीकर्ता –
महेश कुमार प्रजापति
जिला अध्यक्ष – विश्व हिन्दू महासंघ, गौरक्षा प्रकोष्ठ, जनपद बांदा

