शाम को बच्चों के साथ घास काटने निकली थी महिला, अगले दिन पानी से बरामद हुए पांचों शव
चाणक्य न्यूज़ इंडिया | श्यामल प्रतीक
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। नदी किनारे स्थित चंवर में डूबने से एक महिला और उसके चार मासूम बच्चों की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान धर्मेंद्र महतो की पत्नी सुशीला देवी (30), अमृता कुमारी (11), अविनाश कुमार (8), पम्मी कुमार (6) और रवि कुमार (4) के रूप में बताई गई है।
परिजनों के अनुसार, सुशीला देवी शाम करीब पांच बजे अपने चारों बच्चों के साथ मवेशियों के लिए घास काटने निकली थीं। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर पति धर्मेंद्र महतो और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रातभर उनका कोई पता नहीं चल सका।
अगले दिन खोजबीन के दौरान नदी किनारे स्थित चंवर में एक महिला का शव पानी में दिखाई दिया। इसके बाद स्थानीय ग्रामीण और गोताखोर मौके पर पहुंचे। पानी में तलाश के दौरान एक-एक कर मां और चारों बच्चों के शव बरामद किए गए। एक ही परिवार के पांच शव मिलने से गांव में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों के मुताबिक धर्मेंद्र महतो मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पत्नी और चारों बच्चों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही गोविंदगंज थानाध्यक्ष सच्चिदानंद पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पांचों लोग किन परिस्थितियों में चंवर के पानी में पहुंचे और हादसा कैसे हुआ, इसकी पूरी तस्वीर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होने की उम्मीद है।
विशेष रिपोर्ट : श्यामल प्रतीक
