रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर,श्यामल प्रतिक
मोतिहारी। भारत सरकार के ‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान के तहत महात्मा गांधी प्रेक्षागृह, राजाबाजार में जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया।
‘मेरे सपनों का भारत—सेवा चित्र’ विषय पर बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से जीवंत किया। किसी चित्र में विकसित भारत की तस्वीर दिखी तो किसी में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण विकास का संदेश उभरकर सामने आया।
प्रतियोगिता में जिला स्कूल, मोतिहारी के अमित राज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। यूएमएस अमोदेई, रामगढ़वा की रंजना कुमारी द्वितीय तथा श्रीधर अनूठा, कोटवा की अर्पिता यादव तृतीय स्थान पर रहीं। जिलाधिकारी सौरभ कुमार यादव ने विजेता विद्यार्थियों से अपने कक्ष में मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद राधामोहन सिंह, विधायक प्रमोद कुमार, उप महापौर लालबाबू गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी एवं शकील अहमद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
जिला शिक्षा विभाग ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों की रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति की क्षमता को निखारने के साथ उनमें राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करती हैं।
