रक्सौल में प्रशासन का सख्त संदेश: फ्लैग मार्च के साथ अतिक्रमण पर चला बुलडोज़र, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का अभियान तेज

रक्सौल:- पूर्वी चंपारण के सीमावर्ती शहर रक्सौल में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के उद्देश्य से गुरुवार को अनुमंडल प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। अभियान के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त सड़कों का गहन निरीक्षण किया गया तथा सड़क पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाते हुए दोबारा कब्जा करने वालों को कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसडीओ नागमणि कुमार वर्मा एवं एसडीपीओ मनीष आनंद ने किया। थाना परिसर से शुरू हुआ मार्च मेन रोड, स्टेशन रोड, ब्लॉक रोड, कोइरिया टोला सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और सार्वजनिक स्थलों की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों को तत्काल हटाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सड़क पर अवैध कब्जे के कारण रोजाना जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और आपातकालीन सेवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

एसडीओ नागमणि कुमार वर्मा ने कहा कि शहर में शांति, सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अतिक्रमण जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से प्रशासन का सहयोग करने तथा सार्वजनिक सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की।

अभियान में रक्सौल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रमेश कुमार महतो, आदापुर बीडीओ रंधीर कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे। प्रशासन ने संकेत दिया कि शहर में कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए भविष्य में भी फ्लैग मार्च, विशेष निरीक्षण और अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी रहेंगे।

— चाणक्य न्यूज़ इंडिया
रक्सौल अनुमंडल संवाददाता : श्यामल प्रतीक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *