धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर पूरे बिहार में प्रदर्शन:22 जुलाई को ब्लैक-डे की तरह मनाएंगे, 25 जुलाई को बिहार बंद का ऐलान

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार में आज भी प्रदर्शन जारी है। पटना में छात्र संगठन AISA एक बार फिर सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगा। इस दौरान धर्मेंद्र प्रधान का पुतला भी फूंका जाएगा।

छात्र संगठन AISA ने 25 जुलाई को बिहार बंद का ऐलान किया है। छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए बिहार में सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। वहीं, AISA ने 22 जुलाई को ‘ब्लैक डे’ मनाने का ऐलान किया है।

AISA का कहना है, “22 जुलाई को ‘ब्लैक डे’ के रूप में देखते हुए 23 और 24 जुलाई को ‘प्रतिरोध दिवस’ मनाया जाएगा। इसके तहत सभी जिलों में विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।’

संगठन ने बिहार के छात्रों और न्यायप्रिय नागरिकों से 25 जुलाई के बिहार बंद को सफल बनाने की अपील की है।

गुरुवार (23 जुलाई) को भी बिहार में छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा। पटना कॉलेज के पास छात्र फिर सड़कों पर उतरे। अशोक राजपथ पर जाम लगा दिया। छात्रों का कहना है कि धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना ही होगा। थोड़ी देर बाद पुलिस ने छात्रों को डिटेन किया।

उन्हें बस में भरकर ले जाया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्र ने कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देंगे, हम लोग पीछे हटने वाले नहीं हैं। पुलिस लोकतंत्र को कुचलना चाहती है। केंद्र सरकार तानाशाही हो गई है, हम लोगों के अधिकारों का दमन कर रही है।

पटना के अलावा दरभंगा, बेगूसराय, जहानाबाद और कटिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से भी जमकर ईंट-पत्थर चलाए गए। जहानाबाद में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया।

इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इससे छात्र उग्र होकर रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर पत्थरबाजी शुरू कर दी। रेलवे ट्रैक से प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए फायरिंग करनी पड़ी। इस दौरान पुलिस ने 30 राउंड हवाई फायरिंग की।

बेगूसराय में प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। छात्र गेट पर चढ़ गए थे। पुलिस सभी छात्रों से पीछे हटने की अपील की। लेकिन छात्र मानने को तैयार नहीं थे। छात्रों को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

इस दौरान छात्रों ने जिला प्रशासन की गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी। वहीं, कटिहार में डीएम ऑफिस के बाहर तैनात मजिस्ट्रेट की पत्थरबाजी में आंख फूट गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *