आदापुर में कांग्रेस का प्रदर्शन तेज, केंद्र सरकार के खिलाफ पुतला दहन

राहुल गांधी के समर्थन में उतरे कार्यकर्ता, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई

आदापुर (पूर्वी चंपारण)। प्रखंड कांग्रेस कमेटी आदापुर के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफे की मांग की।

प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बहाल करने और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

इस मौके पर परमानंद प्रसाद (सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर), अशरफ अली, परमा प्रसाद यादव, रामबाबू राम, गफ्फार मियां, मोहन राम, युवा नेता कुणाल कुमार, सुरेंद्र कुमार, मुकेश गुप्ता, शत्रुघ्न प्रसाद, लाल बाबू प्रसाद, रंजीत साहनी, राजन कुमार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्ट: श्यामल प्रतीक, आदापुर | चाणक्य न्यूज़ इंडिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *