मासिक अपराध गोष्ठी में थानाध्यक्षों को निर्देश; दुर्गा पूजा की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और जनशिकायतों के निपटारे पर जोर
श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर
चाणक्य न्यूज़ इंडिया
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने पुलिस पदाधिकारियों को कार्य में तत्परता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही और शिथिलता बरतने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मियों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
कुछ थानाध्यक्षों के खिलाफ मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कार्यप्रणाली में सुधार का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों पर जल्द उचित कार्रवाई हो और जनता को परेशान करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कदम उठाए जाएं। सभी थानाध्यक्षों एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के कार्यों और प्रदर्शन का लगातार मूल्यांकन किया जा रहा है।
दुर्गा पूजा की सुरक्षा और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्त
आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिले की विधि-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसपी ने पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नियमित गश्त को अधिक प्रभावी बनाने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्ती पर जोर दिया गया। वाहन जांच के दौरान संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की सघन जांच और यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
शराब तस्करी और अवैध खनन पर कसें शिकंजा
एसपी ने शराब माफियाओं, भू माफियाओं तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने को कहा। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध निरंतर छापेमारी तथा शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। अवैध बालू खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ भी लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
लंबित मामलों के निष्पादन और वैज्ञानिक अनुसंधान पर जोर
लंबित कांडों का समयबद्ध निष्पादन और गुणवत्तापूर्ण, वैज्ञानिक अनुसंधान बैठक का प्रमुख विषय रहा। एसपी ने अनुसंधान में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा गंभीर एवं महत्वपूर्ण कांडों की नियमित समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। लंबित वारंट, कुर्की-जब्ती और अन्य न्यायालयीय आदेशों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
जनसेवा और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता
पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन के मामलों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने, डायल-112 से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई और CCTNS से संबंधित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस दीदी यानी अभया ब्रिगेड के माध्यम से छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा, सहायता और जागरूकता संबंधी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने को कहा गया।
बैठक में बीते माह के लंबित कांडों, वारंट निष्पादन, अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई और थाना स्तर की गश्ती व्यवस्था की समीक्षा की गई। कमियों को चिह्नित कर सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया गया। एसपी स्वर्ण प्रभात ने सभी पदाधिकारियों से कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता और जवाबदेही के साथ काम करते हुए अपराध नियंत्रण तथा जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
