रक्सौल एयरपोर्ट को रफ्तार देने मैदान में उतरे डीएम-एसपी, भू-अर्जन और मुआवजा भुगतान पर एक सप्ताह की डेडलाइन

स्थलीय निरीक्षण के बाद अधिकारियों को सख्त निर्देश, लंबित अभिलेख तत्काल भेजने और रैयतों का भुगतान शीघ्र पूरा करने के आदेश

रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर श्यामल प्रतीक, चाणक्य न्यूज़ इंडिया

रक्सौल:- एयरपोर्ट परियोजना को गति देने के लिए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने मंगलवार को वरीय अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट निर्माण क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कर दिया कि भू-अर्जन और मुआवजा भुगतान में अब किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि एयरपोर्ट परियोजना के लिए जिन रैयतों का भुगतान अभी तक लंबित है, उनके एलपीसी एवं भूमि संबंधी सभी अभिलेख एक सप्ताह के भीतर जिला भू-अर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराए जाएं, ताकि मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया तत्काल पूरी की जा सके। उन्होंने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को प्राप्त अभिलेखों की नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

अनुमंडल पदाधिकारी, रक्सौल को भी अंचल अधिकारी के साथ नियमित समीक्षा कर शेष सभी मामलों का त्वरित निष्पादन कराने तथा लंबित अभिलेखों को बिना विलंब जिला भू-अर्जन कार्यालय भेजने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि रक्सौल एयरपोर्ट क्षेत्र के विकास और सीमावर्ती इलाके की आर्थिक एवं रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य करें, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी मोतिहारी, अनुमंडल पदाधिकारी रक्सौल, अंचल अधिकारी रक्सौल सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *