श्यामल प्रतीक | आदापुर, पूर्वी चंपारण
आदापुर। भारत-नेपाल सीमा से सटे आदापुर थाना क्षेत्र में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को हथियार और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई आदापुर–छौड़ादानो जीबीसी नहर मुख्य पथ पर धबधबवा गांव के समीप की गई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपी के संपर्कों और मामले से जुड़ी अन्य कड़ियों की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध गतिविधि को लेकर मिली गुप्त सूचना के आधार पर आदापुर थानाध्यक्ष रूपम कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम और SSB के बेलदरवा BOP के जवानों को इलाके में सक्रिय किया गया। नहर रोड सहित प्रमुख रास्तों पर निगरानी बढ़ाते हुए नाकेबंदी की गई।
इसी दौरान धबधबवा गांव के समीप संदिग्ध बाइक सवारों को देखकर संयुक्त टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। कार्रवाई के दौरान एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य युवकों के मौके से निकल जाने की बात सामने आई है।
हरसिद्धि के सोनबरसा का रहने वाला है गिरफ्तार युवक
गिरफ्तार युवक की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार के साथ उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस गिरफ्तार युवक की गतिविधियों और उसके संपर्क में रहे लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
संपर्कों की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा युवक के संभावित संपर्कों तक बढ़ाया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं। मौके से अन्य युवकों के निकल जाने की बात सामने आने के बाद उनकी पहचान और तलाश भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सीमावर्ती क्षेत्र में हथियार के साथ हुई इस गिरफ्तारी को देखते हुए पुलिस मामले की विभिन्न कड़ियों की पड़ताल कर रही है। आगे की जांच में ही स्पष्ट होगा कि मामला केवल गिरफ्तार युवक तक सीमित है या इसके पीछे अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आती है।
चाणक्य न्यूज़ इंडिया के लिए
श्यामल प्रतीक | पूर्वी चंपारण, बिहार
