महिला रिक्रूट आरक्षी ने पेश की इंसानियत की मिसाल, परेशान परिवार को दिए किराये के रुपये

महिला रिक्रूट आरक्षी ने पेश की इंसानियत की मिसाल, परेशान परिवार को दिए किराये के रुपये

घुघली में पुलिस का दिखा संवेदनशील चेहरा, पर्स खोने से संकट में फंसे परिवार को मिली राहत

चाणक्य न्यूज़ इंडिया शम्स तबरेज खान महराजगंज ब्यूरो चीफ

महराजगंज। पुलिस की वर्दी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने का प्रतीक नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की मदद और मानवता की सेवा का भी संदेश देती है। इसका एक सराहनीय उदाहरण गुरुवार को घुघली थाना क्षेत्र में देखने को मिला, जहां एक महिला रिक्रूट आरक्षी ने आर्थिक परेशानी से जूझ रहे परिवार की मदद कर पुलिस का मानवीय चेहरा पेश किया।

जानकारी के अनुसार, गश्त के दौरान पुलिस टीम को सड़क किनारे एक दंपति अपने बच्चों के साथ परेशान अवस्था में दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने जब परिवार से उनकी परेशानी का कारण पूछा तो पता चला कि दंपति कुशीनगर जिले का रहने वाला है। महिला अपने मायके जाने के लिए घुघली थाना क्षेत्र से होकर गुजर रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसके पति का पर्स कहीं गिर गया, जिसमें रुपये रखे हुए थे।

पर्स खो जाने के कारण परिवार के सामने आगे की यात्रा पूरी करने के लिए किराये के पैसों का संकट खड़ा हो गया। दंपति की परेशानी सुनकर पुलिस टीम में मौजूद महिला रिक्रूट आरक्षी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बिना देर किए अपनी जेब से किराये के रुपये निकालकर उन्हें दे दिए। उनकी इस मदद से परिवार अपने बच्चों के साथ आगे की यात्रा कर सका।

महिला रिक्रूट आरक्षी की इस छोटी-सी पहल ने आर्थिक संकट में फंसे परिवार को बड़ी राहत पहुंचाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *