आज 26 नवंबर 2026 को मदन मोहन मालवीय पीजी कॉलेज भाटपार रानी में संविधान दिवस के अवसर पर “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की बंदना और उपस्थित अतिथियों के स्वागत से हुआ। कार्यक्रम में सबसे पहले छात्र-छात्राओं ने संविधान और नशा मुक्त भारत हेतु अपना विचार प्रस्तुत किया। तत्पश्चात प्राचार्य ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के विवेक, स्वास्थ्य और सामाजिक प्रतिष्ठा को नष्ट करता है, आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी नशे जैसे सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़े। नशा मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक इस अभियान को अपना नैतिक दायित्व समझेगा। डॉ दिनेश शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी बोध कराता है, एक स्वस्थ और नशा मुक्त समाज का निर्माण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, युवाओं को नशे के विरुद्ध जागरूकता का अग्रदूत बनना चाहिए। कार्यक्रम अधिकारी डॉ रणजीत सिंह ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित बनाने का सारा दारोमदार युवाओं के कंधे पर है, इसलिए उन्हें जागरूक और चैतन्य होकर इस बुराई से अपने को और समाज को मुक्त करना होगा, तभी विकसित भारत का सपना संभव हो सकेगा। इस अवसर पर मेरा युवा भारत की तरफ से कृष्णा नंद जायसवाल, विशाल गुप्ता सूरज गुप्ता ने अपने उद्बोधन और पीपीटी के माध्यम से मादक द्रव्यों के दुष्परिणामों और कारणों पर प्रकाश डालकर उसके भयावता से अवगत कराया तथा सरकार द्वारा चलाई जाने वाली कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराकर उनका लाभ लेने हेतु प्रेरित किया कार्यक्रम का संचालन छात्र दीपक कुमार ने किया। कार्यक्रम में डॉ सुशील पांडेय, डॉ अवनीत सिंह, डॉ पूनम यादव, डॉ अभिमन्यू पांडेय, डॉ कमलेश कुमार, डॉ सुदीप रंजन आदि ने छात्र-छात्राओं को संबोधित कर जागरूक किया। कार्यक्रम का समापन “नशा मुक्त भारत” हेतु शपथ एवं राष्ट्रगान से हुआ। कार्यक्रम को संपन्न कराने में कार्यालय अधीक्षक प्रवीण शाही एवं शिव प्रसाद का विशेष योगदान रहा।
संजय कुमार गुप्ता जिला ब्यूरो चाणक्य न्यूज़ इंडिया देवरिया संविधान दिवस पर “नशा मुक्त भारत” के निर्माण का संकल्प
