छतौनी के बैंक रोड स्थित विद्या राज होटल में पुलिस, AHTU और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त छापेमारी; 7 मोबाइल व होटल रजिस्टर जब्त
कौशल किशोर तिवारी | जिला ब्यूरो चीफ
चाणक्य न्यूज़ इंडिया
मोतिहारी। छतौनी थाना क्षेत्र के बैंक रोड स्थित विद्या राज होटल में पुलिस ने छापेमारी कर चार नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। पुलिस के अनुसार, लड़कियों को कथित रूप से बहला-फुसलाकर देह व्यापार में शामिल करने के उद्देश्य से होटल में रखा गया था।
गुप्त सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में छतौनी थाना पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने होटल में छापेमारी कर चारों नाबालिग बालिकाओं को रेस्क्यू किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल संचालक समेत चार आरोपियों—राजीव कुमार, शेख इंताफ, नीरज कुमार और रोशन कुमार—को गिरफ्तार किया। मौके से सात मोबाइल फोन और होटल का एंट्री रजिस्टर भी जब्त किया गया।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जब्त मोबाइल फोन और होटल रजिस्टर की जांच भी की जा रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।
मानव तस्करी और बाल शोषण के खिलाफ की गई इस संयुक्त कार्रवाई में छतौनी थाना पुलिस, AHTU और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम की अहम भूमिका रही।
