पत्रकार के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई के विरोध में एकजुट हुआ प्रेस क्लब

नरेंद्र झा के नेतृत्व में गठित नौ सदस्यीय टीम 28 अक्टूबर को जाएगी रक्सौल; डीएम से जांच में सहयोग और सुरक्षा की मांग

श्यामल प्रतीक

मोतिहारी,- रक्सौल के पत्रकार जयप्रकाश गुप्ता के दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कथित प्रतिशोधात्मक कार्रवाई और उनके साथ दुर्व्यवहार की शिकायत को लेकर मोतिहारी प्रेस क्लब ने कड़ा रुख अपनाया है। क्लब ने मामले की निष्पक्ष पड़ताल के लिए उपाध्यक्ष नरेंद्र झा के नेतृत्व में नौ सदस्यीय जांच टीम गठित की है। टीम 28 अक्टूबर को रक्सौल पहुंचकर घटनास्थल पर तथ्यों की जांच करेगी।

क्लब अध्यक्ष संजय कौशिक के आवास पर शनिवार को हुई आवश्यक बैठक में पत्रकारों ने शिकायत में वर्णित घटनाक्रम की निंदा की। बैठक में सर्वसम्मति से तय हुआ कि जांच टीम अपनी रिपोर्ट अध्यक्ष को सौंपेगी। इसके आधार पर जिलाधिकारी को मांग पत्र देकर आगे की कार्रवाई की मांग की जाएगी। क्लब ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों पर प्रशासनिक दबाव बनाकर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

तिरंगा स्थापना के खर्च पर खबर और आरटीआई से जुड़ा मामला

प्रेस क्लब की ओर से जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र के अनुसार, जयप्रकाश गुप्ता ने नगर परिषद की ओर से तिरंगा स्थापना पर खर्च की गई राशि से संबंधित खबर प्रकाशित और प्रसारित की थी। इस संबंध में उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत जानकारी भी मांगी थी।

गुप्ता का आरोप है कि इसी से नाराज होकर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बिना नोटिस अथवा पूर्व सूचना के उनके दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर कार्रवाई कराई। शिकायत में प्रतिष्ठानों और वहां रखे सामान को क्षति पहुंचाने तथा आर्थिक रूप से दंडित करने का आरोप भी लगाया गया है। गुप्ता ने यह भी शिकायत की है कि सामान जब्त किए जाने के बावजूद उन्हें जब्ती सूची उपलब्ध नहीं कराई गई।

प्रेस क्लब की टीम इन आरोपों और कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी। क्लब ने आगे की पहल जांच रिपोर्ट के आधार पर करने का निर्णय लिया है।

प्रशासनिक सहयोग और टीम की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

क्लब ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि अनुमंडलाधिकारी रक्सौल, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और अंचलाधिकारी को जांच टीम को आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया जाए। जांच के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को भी निर्देशित करने की मांग की गई है।

बैठक में पत्रकारों ने अपने पेशेवर दायित्वों के निर्वहन में बाधा और कथित दुर्व्यवहार के मामलों में एकजुट रहने की बात कही। क्लब ने ऐसे आचरण का विधिसम्मत प्रतिकार करने का संकल्प दोहराया।

बैठक में संजय कौशिक, नरेंद्र झा, राकेश कुमार, राजनदत्त द्विवेदी, ज्ञानेश्वर गौतम, सचिन पांडेय, कैलाश गुप्ता, ब्रजेश झा, अंशारुल हक, रजनीश कुमार, अमरजीत कुमार सिंह, रोहित कुमार, अरुण सिंह, डी.एन. कुशवाहा, निर्भय रंजन, दीपक कुमार, मोहम्मद आशिफ, कमाल इस्लाम, जयप्रकाश गुप्ता और शैलेश कुमार सहित बड़ी संख्या में डिजिटल मीडिया के पत्रकार उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *