आस्था के साथ नारी शक्ति का सम्मान, गम्हरिया खुर्द में 1001 कन्याओं का पूजन

आदापुर थानाध्यक्ष रूपम कुमारी को मिला नारी शक्ति सम्मान; सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भंडारे में उमड़े ग्रामीण

रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर श्यामल प्रतिक

आदापुर, पूर्वी चंपारण। जय माँ दुर्गा पूजा समिति, गम्हरिया खुर्द के तत्वावधान में महानवमी पर कन्या पूजन सह नारी शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ब्रह्म बाबा स्थान परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धा, सेवा और नारी सम्मान का संगम देखने को मिला। आयोजन के दौरान आदापुर की थानाध्यक्ष रूपम कुमारी को नारी शक्ति सम्मान से सम्मानित किया गया।

समिति के अनुसार, समारोह में 1001 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। उन्हें चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित करने के साथ भोजन एवं प्रसाद ग्रहण कराया गया। बटुकों को भी भोजन कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और अन्य ग्रामीणों ने भाग लिया।

बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ समारोह का विशेष आकर्षण रहीं। उनकी प्रस्तुतियों ने आयोजन में उत्साह भर दिया। इस अवसर पर ग्रामीणों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें महिला-पुरुषों ने प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक भंडारा और प्रसाद वितरण जारी रहा।

समिति के मुख्य यजमान छोटेलाल कुमार साह, अध्यक्ष रवि कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष सह पूर्व उपप्रमुख रामजीवन बैठा और कोषाध्यक्ष मंगल कुमार ने बताया कि गम्हरिया खुर्द में पिछले सात वर्षों से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। महानवमी पर कन्या पूजन और सामूहिक भंडारे में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। मुख्य आचार्य पंडित संजय तिवारी की देखरेख में माता की पूजा-अर्चना, हवन एवं नवरात्र पाठ संपन्न हुआ। मंच संचालन शिक्षक दयाशंकर बैठा ने किया।

आयोजन को सफल बनाने में उपकोषाध्यक्ष ब्रज किशोर बैठा, सचिव उमाशंकर साह, वॉलंटियर अध्यक्ष त्रिभुवन बैठा, बिजली व्यवस्था के संचालक उमेश कुशवाहा, सलाहकार संजय कुशवाहा और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी रामविलास बैठा का सहयोग रहा। इस मौके पर मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद सफी अहमद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *