रक्सौल SDM की छापेमारी से खाद कारोबारियों में हड़कंप, आदापुर की 3 दुकानों में मिली गंभीर अनियमितताएं

कहीं खाद का स्टॉक गायब, कहीं यूरिया शून्य; PoS मशीन खराब मिलने पर SDM नागमणि वर्मा सख्त, भौतिक सत्यापन का आदेश

विशेष रिपोर्ट | श्यामल प्रतीक
रक्सौल अनुमंडल संवाददाता | चाणक्य न्यूज़ इंडिया

आदापुर/रक्सौल, पूर्वी चंपारण।
किसानों को समय पर खाद नहीं मिलने और बाजार में उर्वरक की उपलब्धता को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच रक्सौल के अनुमंडल पदाधिकारी नागमणि वर्मा ने आदापुर प्रखंड की खाद दुकानों पर औचक निरीक्षण कर व्यवस्था की जमीनी हकीकत जांची। SDM के अचानक पहुंचने से खाद विक्रेताओं के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई।

निरीक्षण के दौरान श्यामपुर चौक स्थित गणपति ट्रेडर्स में एक भी बोरी खाद उपलब्ध नहीं मिली। वहीं भवनरी चौक स्थित कुशवाहा खाद बीज भंडार तथा गम्हरिया कला स्थित राहुल खाद भंडार में यूरिया का स्टॉक शून्य पाया गया। हालांकि दोनों प्रतिष्ठानों में अन्य प्रकार के उर्वरक मौजूद थे।

PoS मशीन ने बढ़ाया संदेह

जांच के दौरान दोनों दुकानों की PoS मशीन में तकनीकी खराबी बताए जाने के कारण तत्काल बिक्री और उपलब्ध स्टॉक से संबंधित पूरा डिजिटल ब्यौरा सामने नहीं आ सका। इस स्थिति पर SDM नागमणि वर्मा ने नाराजगी जताई और संबंधित अभिलेखों एवं वास्तविक स्टॉक की विस्तृत जांच कराने का निर्देश दिया।

B.A.O. को तत्काल सत्यापन का निर्देश

SDM ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनय कुमार को संबंधित खाद दुकानों का भौतिक सत्यापन करने, स्टॉक और बिक्री रिकॉर्ड का मिलान करने तथा पूरी रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब यह जांच का विषय है कि दुकानों में यूरिया और अन्य खाद का स्टॉक वास्तव में समाप्त हो चुका था या वितरण एवं रिकॉर्ड में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है।

किसानों के लिए निर्धारित उर्वरक की उपलब्धता और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने को लेकर SDM की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *