डांडिया के रंगों संग बच्चों ने दिया सामाजिक बुराइयों के अंत का संदेश

टैगोर किड्स एंड हाई स्कूल में नवरात्रि समारोह; बुराइयों पर विजय से ही बनेगा स्वस्थ और सशक्त समाज : डॉ. शशि भूषण कुमार

रिपोर्टर | श्यामल प्रतीक

हाजीपुर। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चे, डांडिया की लय पर थिरकते कदम और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश। नवरात्रि के अवसर पर हाजीपुर स्थित टैगोर किड्स एंड हाई स्कूल में आयोजित डांडिया समारोह में सांस्कृतिक उल्लास के साथ सामाजिक जागरूकता का भाव भी दिखाई दिया। बच्चों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को यादगार बनाया।

समारोह का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शशि भूषण कुमार के संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा अन्याय, कुरीतियों और सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है। इस पर्व की सार्थकता उसके आदर्शों को अपने आचरण और सामाजिक जीवन में उतारने से बढ़ती है।

डॉ. कुमार ने बच्चों द्वारा मां दुर्गा के स्वरूप की सांकेतिक प्रस्तुति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से समाज में व्याप्त बुराइयों को समाप्त करने का संदेश दिया गया है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता, बौद्धिक विवेक और सकारात्मक सोच से इस बदलाव में योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और बुराइयों पर विजय प्राप्त कर ही स्वस्थ, समृद्ध और शक्तिशाली समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पारंपरिक डांडिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। उनकी लयबद्ध गतिविधियों, उत्साह और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति ने उपस्थित लोगों का ध्यान खींचा। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों के साथ डांडिया में भाग लेकर उनका उत्साह बढ़ाया।

विद्यालय परिवार की सहभागिता से आयोजित समारोह में भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सद्भाव का संदेश उभरा। नवरात्रि के उल्लास के बीच बच्चों की प्रस्तुतियों ने अच्छाई को अपनाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने की प्रेरणा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *