बनकटवा (पूर्वी चंपारण)। भारत–नेपाल सीमा से सटे पूर्वी चंपारण में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जितना थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सैनिक रोड स्थित लालबाबू पोखरा के समीप छापेमारी कर 270 लीटर नेपाली शराब बरामद की तथा एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 02 अगस्त 2026 की देर रात नियमित गश्ती के दौरान मिली सूचना के आधार पर विशेष कार्रवाई की गई। छापेमारी में 300 एमएल की 900 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई। बरामद शराब को जब्त कर उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप कुमार (29 वर्ष), पिता–शिवजी प्रसाद, निवासी–गुलरिया, थाना–दरपा, जिला–पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की खेप नेपाल के किस क्षेत्र से लाई गई थी, इसे कहाँ पहुँचाया जाना था तथा इस अवैध कारोबार के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
जितना थाना अध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है और किसी भी तस्कर या गिरोह को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
सीमावर्ती इलाकों में नेपाल से शराब की तस्करी लगातार पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। ऐसे में जितना थाना की यह कार्रवाई न केवल तस्करों के मंसूबों पर करारा प्रहार मानी जा रही है, बल्कि यह भी संकेत है कि सीमा क्षेत्र में पुलिस की निगरानी पहले से अधिक सख्त हो चुकी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
