स्वास्थ्य जांच के साथ दवाओं का वितरण; डेंगू-मलेरिया से बचाव और मोटे अनाज के लाभ बताए
श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल संवाददाता
चाणक्य न्यूज़ इंडिया
मोतिहारी। 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), मोतिहारी ने कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन में शुक्रवार को अठमोहन समवाय क्षेत्र के जीवंत ग्राम कार्यक्रम-द्वितीय के तहत बिजबनी गांव में निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर आयोजित किया।
शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुजीत कुमार ने सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक उपचार किया। जरूरतमंद लोगों के बीच दवाओं का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
इस दौरान ग्रामीणों को आसपास स्वच्छता बनाए रखने, जल-जमाव रोकने तथा डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए। लोगों को मच्छरदानी के उपयोग और घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी गई।
चिकित्सा अधिकारी ने ग्रामीणों को दैनिक आहार में श्री अन्न यानी मोटे अनाज को शामिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि मोटे अनाज पौष्टिक होते हैं और नियमित सेवन से शरीर को कई आवश्यक पोषक तत्व प्राप्त होते हैं। ग्रामीणों ने एसएसबी की इस स्वास्थ्य पहल की सराहना की।
