बाटा चौक को जाममुक्त बनाने उतरे डीएम–एसपी, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर चलेगा सख्त अभियान

संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दिए कई अहम निर्देश, ट्रैफिक व्यवस्था होगी और सुदृढ़

रक्सौल। भारत-नेपाल सीमा का प्रमुख व्यावसायिक शहर रक्सौल अब जाम की समस्या से निजात दिलाने की दिशा में प्रशासन ने निर्णायक कदम उठाया है। मंगलवार को जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, सहायक समाहर्ता सह अनुमंडल पदाधिकारी राज कृष्ण झा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा नगर परिषद रक्सौल के कार्यपालक पदाधिकारी के साथ शहर के अत्यधिक व्यस्त बाटा चौक का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए जाम की समस्या के स्थायी समाधान पर विस्तृत मंथन किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रमुख मार्गों को नियमित रूप से अतिक्रमणमुक्त रखा जाए। उन्होंने अवैध रूप से सड़क पर खड़े वाहनों के विरुद्ध लगातार जुर्माना वसूली अभियान चलाने तथा यातायात बाधित करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कहा कि ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी निर्धारित ट्रैफिक वर्दी में रहेंगे और वाहन चालकों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा का पालन कराएंगे। आवश्यकता पड़ने पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए ट्रॉली एवं अन्य संसाधनों का भी उपयोग किया जाएगा, ताकि व्यस्त चौराहों पर वाहनों का दबाव कम किया जा सके।

रक्सौल में लंबे समय से बाटा चौक जाम की गंभीर समस्या का केंद्र रहा है। प्रशासन की इस सक्रिय पहल से आम लोगों और व्यापारियों में उम्मीद जगी है कि यदि निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ, तो शहर को जल्द ही जाम की समस्या से बड़ी राहत मिल सकती है।

— विशेष रिपोर्ट
श्यामल प्रतीक
रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर
चाणक्य न्यूज़ इंडिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *