मंदिर में दिनदहाड़े चोरी: हनुमान जी के चांदी के मुकुट पर चोरों का हाथ, श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश

रक्सौल, पूर्वी चंपारण।
रक्सौल शहर के मेन रोड स्थित आबकारी थाना के समीप प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में शनिवार को दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं की आस्था को झकझोर कर रख दिया। पूजा-अर्चना के दौरान अज्ञात चोरों ने हनुमान जी की प्रतिमा पर स्थापित लगभग 500 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी कर लिया। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

जानकारी के अनुसार, घटना करीब सुबह 11 बजे की बताई जा रही है। मंदिर के पुजारी विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि उस समय मंदिर में श्रद्धालु पूजा कर रहे थे। इसी बीच वह लगभग 15 मिनट के लिए मंदिर परिसर से बाहर गए। लौटने पर उन्होंने देखा कि हनुमान जी की प्रतिमा पर लगा चांदी का मुकुट गायब है। इसके बाद मंदिर परिसर में काफी खोजबीन की गई, लेकिन मुकुट का कोई सुराग नहीं मिल सका।

पुजारी द्वारा तत्काल इसकी सूचना रक्सौल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा मंदिर में मौजूद लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान में जुटी हुई है।

रक्सौल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रमेश कुमार महतो ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया है।

यह घटना केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा विषय भी है। शहर के व्यस्त इलाके और पुलिस थाना के समीप स्थित मंदिर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर चोरी हुए मुकुट की बरामदगी की मांग की है।

— विशेष संवाददाता
श्यामल प्रतीक, रक्सौल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *