वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम-II (VVP-II) के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न
जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम-II (VVP-II) के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन एवं चयनित रणनीतिक गांवों के समग्र विकास की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को VVP-II के उद्देश्यों एवं कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के छह सीमावर्ती प्रखंडों के कुल 12 रणनीतिक गांवों का चयन इस कार्यक्रम के तहत किया गया है। इनमें आदापुर प्रखंड का चन्द्रमन, बनकटवा प्रखंड का बिजबनी, छौड़ादानो प्रखंड के धर्मनगर, महुआवा एवं परसा, घोड़ासहन प्रखंड के बरवा खुर्द, जमुनिया कवैया, झरोखर एवं समनपुर, ढाका प्रखंड का परसा तथा रक्सौल प्रखंड के भरतमही एवं पनटोका शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि चयनित गांवों में सड़क संपर्क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका सृजन, कौशल विकास, कृषि, लघु उद्योग, बैंकिंग एवं दूरसंचार सहित विभिन्न क्षेत्रों का गैप एनालिसिस का प्राथमिकता के आधार पर विकास योजनाओं का चयन किया जाए।
उन्होंने विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों तथा संबंधित क्षेत्र के सशस्त्र सीमा बल अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विस्तृत कार्य योजना एवं अनुमानित लागत सहित प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य सीमावर्ती गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, आजीविका एवं रोजगार के अवसरों का सृजन, पलायन पर रोक तथा स्थानीय संस्कृति का संरक्षण सुनिश्चित करना है। साथ ही, सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी संतृप्तिकरण कर प्रत्येक पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी इस कार्यक्रम की प्रमुख प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को नई गति मिल सके और वहां के नागरिकों को राष्ट्र की मुख्यधारा से और अधिक सशक्त रूप से जोड़ा जा सके।
बैठक में सहायक समाहर्ता, श्री राजकृष्ण झा, , समादेष्टा, एसएसबी 71वीं बटालियन, मोतिहारी, समादेष्टा, एसएसबी 47वीं बटालियन, रक्सौल, समादेष्टा, एसएसबी 20वीं बटालियन, सीतामढ़ी, जिला योजना पदाधिकारी-सह-सहायक नोडल पदाधिकारी, श्री राहुल रंजन, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी,जिला जन संपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।
चाणक्य न्यूज़ इंडिया के लिए कौशल किशोर तिवारी जिला मोतिहारी

