आदापुर (पूर्वी चंपारण)। आगामी निर्वाचन और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को आदापुर प्रखंड मुख्यालय के सभागार में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) एवं सुपरवाइजरों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रक्सौल के एसडीएम मनीष कुमार ने की। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीएम मनीष कुमार ने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन से संबंधित प्राप्त सभी आवेदनों का तत्काल निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर आवेदन लंबित नहीं रहने चाहिए तथा कार्य पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी सक्रिय रहकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करें।
बैठक में आदापुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी रणधीर कुमार ने क्षेत्र में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान रामनारायण कुमार, दीपक कुमार, अभिषेक कुमार सहित सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं प्रखंड के संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश:
मतदाता सूची से जुड़े सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन।
कार्य में पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना।
किसी भी आवेदन को लंबित नहीं रखना।
निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी।
आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना।मतदाता सूची में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, लंबित आवेदनों का तत्काल करें निष्पादन : एसडीएम मनीष कुमार
