मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को गयाजी के विण्णुपद मंदिर में पूजा की। करीब 15 मिनट तक CM गर्भगृह में रुके। इसके बाद वे ईरिक्शा में बैठकर विष्णुपद कॉरिडोर परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण काम की प्रगति को करीब से देखा और अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए।
CM ने फल्गु नदी तट स्थित देवघाट सहित आसपास के क्षेत्रों का भी जायजा लिया। बोधगया पहुंचने पर मुख्यमंत्री सीधे विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर पहुंचे।
महाबोधि मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री बीटीएमसी कार्यालय पहुंचे, जहां बोधगया कॉरिडोर परियोजना को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सर्किट के लिहाज से जरूरी बिंदुओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि गयाजी और बोधगया सिर्फ आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि बिहार की वैश्विक पहचान हैं। ऐसे में विकास कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
इसके बाद CM बोधगया स्थित शंकराचार्य मठ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बोधगया में सिद्धार्थ को ज्ञान मिला था, इसके बाद वो गौतम बुद्ध बन कर लौटे थे। इस धरती को मैं नमन करता हूं। सीएम ने अपने संबोधन के दौरान करीब सात बार पीएम नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार का नाम लिया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने नालंदा के परनावा गांव में श्री शरण निवास बाबा महतो साहब की जन्मस्थली पर लगने वाले राजकीय मेले की शुरुआत की।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “हमारी बेटियां जब तक स्कूल-कॉलेज से घर नहीं लौटेंगी, तब तक पुलिस जागती रहेगी। 19 मई से हर पंचायत में अफसर बैठेंगे और लोगों की समस्याएं सुनेंगे।”
मुख्यमंत्री ने अपने 20 मिनट के भाषण में सरकार के आगे के विजन पर बात रखी। उन्होंने विपक्ष को लेकर कोई बयान नहीं दिया।
CM की स्पीच की 5 बड़ी बातें
- नीतीश जी के काम को बढ़ाऊंगा: ये मेरे लिए भावुक क्षण है। मेरे नेता नीतीश कुमार जी ने बिहार को संवारने का काम किया, सजाने का काम किया। इस मंदिर को राजकीय दर्जा किसी ने दिया तो वो नीतीश जी ने दिया हैं। आज मैं ये कह सकता हूं कि बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है। नीतीश जी और मोदी जी ने जो रास्ता दिखाया है, उसी से बिहार को बदलने का काम करूंगा।
- https://youtu.be/d5ua9RMlqeg
- 19 मई से हर पंचायत में लोगों की समस्याएं सुनेंगे: नीतीश कुमार जी चाहते थे कि गरीब महिलाओं को रोजगार मिले। समाज में वे अपने जीवन को अच्छा कर सकें, इसलिए मैंने फैसला लिया कि 19 मई से हर पंचायत में जाकर ब्लॉग, अंचल और थाने की समस्याओं को खत्म करने का काम करेंगे।
- बच्चियां जब तक घर नहीं पहुंचेंगी, पुलिस नहीं सोएगी: हमारी बच्चियां सुरक्षित रहें। पढ़ें और आगे बढ़ें। इसकी सुरक्षा की व्यवस्था भी हमारी है। स्कूल, कॉलेज के बाहर पुलिस खड़ी रहेगी। जब तक हमारी बहनें घर नहीं पहुंचेंगी पुलिस नहीं सोएगी।
- हर जिले में मॉडल स्कूल खोलने जा रहे हैं: हम ऐसे मॉडल स्कूल बनाने जा रहे हैं, जिसमें गरीबों के बच्चों को पढ़ाएंगे। ये मॉडल स्कूल उस दिन सक्सेस होगा, जब विधायक, सांसदों के पास पैरवी आने लगे। उस दिन मैं समझूंगा कि हमने मॉडल स्कूल का सपना पूरा कर लिया।
- 2030 तक 5 करोड़ लोगों को नौकरी-रोजगार देंगे: 20 नवंबर को हम लोगों ने टारगेट किया है, बिहार के लिए 5 लाख करोड़ का इन्वेस्टमेंट लेकर आएंगे। 2030 तक हम 5 करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देंगे।
पटना के बुद्ध स्मृति पार्क में की पूजा
इससे पहले मुख्यमंत्री बुद्ध जयंती पर पटना के बुद्ध स्मृति पार्क पहुंचे। बारिश के बीच यहां उन्होंने भगवान बुद्ध को नमन किया। मंदिर में पूजा-पाठ की। उनके साथ डिप्टी CM विजय चौधरी भी मौजूद रहे।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने घर पर सत्यनारायण कथा सुनी। उन्होंने X पर लिखा- अधर्म का नाश हो।
