रक्सौल। भारत विकास परिषद, शाखा–रक्सौल ने अपने 64वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शहर के ऐतिहासिक सौनाहा माई मंदिर परिसर में गोष्ठी सह वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया। परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने औषधीय, फलदार, छायादार तथा अधिक ऑक्सीजन उत्सर्जित करने वाले पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा वन्दे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पौधारोपण किया गया। मंदिर के पुजारी चंद्रिका दास को परिषद की ओर से अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि भारत विकास परिषद पिछले 64 वर्षों से सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना के साथ समाजहित में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था का लंबे समय तक निरंतर समाज सेवा में सक्रिय रहना उसके मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ताओं और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
पर्यावरण संयोजक विजय कुमार साह एवं सह संयोजक अजय कुमार ने परिषद की स्थापना की जानकारी देते हुए बताया कि स्वामी विवेकानंद की जन्मशती के अवसर पर वर्ष 1963 में परिषद की स्थापना का संकल्प लिया गया था तथा 10 जुलाई 1963 को इसे आधिकारिक मान्यता मिली। उन्होंने कहा कि परिषद आज भी स्वामी विवेकानंद के सेवा, राष्ट्रनिर्माण और सांस्कृतिक जागरण के विचारों को आगे बढ़ाते हुए समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही है।
सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ एवं संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि आज वृक्षों का संरक्षण नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर पर्यावरणीय संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर श्यामल प्रतीक,

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने परिषद के मूल मंत्र “सम्पर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण” को जन-जन तक पहुंचाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर सुनील कुमार, उमेश सिकारिया, विजय कुमार साह, अजय कुमार, बिमल कुमार सर्राफ, नीतेश कुमार सिंह, अरविंद जायसवाल, मनोज कुमार, विनोद कुमार, पुजारी चंद्रिका दास, राजू गुप्ता, कृष्णा प्रसाद सहित बड़ी संख्या में परिषद के सदस्य उपस्थित रहे। इसकी जानकारी परिषद के संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया एवं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने संयुक्त रूप से दी।
