यूपी लखीमपुर खीरी | ब्यूरो रिपोर्ट पी.के. मिश्रा बच्चों की पढ़ाई से लेकर स्कूलों की बदहाली तक, डीएम ने लिया पूरा हिसाब!

सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिलें, इसके लिए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने अधिकारियों को जिम्मेदारी का एहसास कराया। शुक्रवार को अटल सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक बैठक में उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की और लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया।

डीएम ने साफ कहा कि स्कूलों की शैक्षिक और भौतिक गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब का नियमित उपयोग कराया जाए, ताकि बच्चे सिर्फ किताबों तक सीमित न रहें, बल्कि आधुनिक तकनीक के जरिए भी सीख सकें। शिक्षकों को पढ़ाई का तरीका रोचक और संवादात्मक बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में जर्जर स्कूल भवनों को ध्वस्त कराने, विद्यालयों तक जाने वाले खराब रास्तों और परिसर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर भी जोर दिया गया। डीएम ने अधिकारियों को स्कूलों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए।

इसके अलावा निपुण भारत अभियान, ऑपरेशन कायाकल्प, स्कूल चलो अभियान, मध्यान्ह भोजन, दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और अन्य योजनाओं की प्रगति भी परखी गई।

बैठक में सीडीओ योगानंद पाण्डेय, बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी, डीपीआरओ विशाल सिंह सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

डीएम की मंशा साफ है—सरकारी स्कूलों में सिर्फ योजनाएं कागजों पर नहीं, बल्कि उनका असर बच्चों की पढ़ाई और स्कूलों की बदली हुई तस्वीर में भी दिखाई देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *