कानूनी अधिकारों की जानकारी से न्याय तक की राह आसान

चम्पापुर में विधिक जागरूकता शिविर; भूमि विवाद, महिला अधिकार और मजदूरी भुगतान पर मिली सलाह

चम्पापुर (पूर्वी चम्पारण), । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की जागृति योजना–2026 के तहत गुरुवार को चम्पापुर कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मोतिहारी व्यवहार न्यायालय के वरीय अधिवक्ता पवन कुमार सिंह ने लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और न्याय पाने की प्रक्रिया की जानकारी दी।

अधिवक्ता सिंह ने कहा कि कानून की जानकारी हर नागरिक के लिए जरूरी है। आर्थिक या सामाजिक कमजोरी किसी व्यक्ति को न्याय से वंचित करने का कारण नहीं बननी चाहिए। उन्होंने बताया कि पात्र लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता और अधिवक्ता उपलब्ध कराने का प्रावधान है। जरूरतमंद लोग राष्ट्रीय विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
शिविर में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, जमीन की मापी, मारपीट, झूठे मुकदमे में फंसाए जाने, महिला अधिकारों और मजदूरी भुगतान से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर चर्चा हुई। विवादों का आपसी सहमति से समाधान करने में मध्यस्थता और लोक अदालत की भूमिका भी समझाई गई।
शिविर में आठ लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याएं रखीं। इनमें अधिकतर मामले भूमि विवाद से जुड़े थे। मारपीट, मुकदमेबाजी और मजदूरी भुगतान से संबंधित समस्याएं भी सामने आईं। अधिवक्ता ने सभी की बात सुनकर मौके पर आवश्यक कानूनी सलाह दी और संबंधित विभागों तथा न्यायिक संस्थाओं के माध्यम से समाधान पाने की प्रक्रिया बताई।
कार्यक्रम में डंकन हॉस्पिटल, रक्सौल के न्याय नेटवर्क प्रोजेक्ट के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रणय मोहंती, कामेश कुमार और गौरव राव मौजूद रहे। उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक विधिक जागरूकता और न्यायिक सहायता पहुंचाने के महत्व पर अपनी सहभागिता दी।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें न्याय व्यवस्था और निःशुल्क विधिक सहायता से जोड़ना था। उपस्थित लोगों को बताया गया कि कानूनी समस्या होने पर वे DLSA, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी या हेल्पलाइन नंबर 15100 से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *