संजय कुमार गुप्ता जिला ब्यूरो चाणक्य न्यूज़ इंडिया देवरिया
ज्ञान कुंज एकेडमी में भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन, छात्राओं की कलात्मक प्रतिभा ने मोहा मन*

भाटपार रानी। नगर के बेलपार पंडित स्थित प्रतिष्ठित संस्थान ज्ञान कुंज एकेडमी में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक अभिरुचि एवं रचनात्मक प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे रंगों से सजी आकर्षक रंगोलियों ने विद्यालय परिसर को उत्सवमय बना दिया।
प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर आधारित रंगोलियां बनाकर अपनी कला का परिचय दिया। प्रत्येक प्रतिभागी ने अपनी सृजनात्मक सोच एवं मेहनत से रंगोली को विशेष रूप प्रदान किया। छात्राओं के उत्साह, लगन और कलात्मक कौशल ने सभी को अत्याधिक प्रभावित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर श्री राजेश कुमार सिंह ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें विकसित करना भी है। इस प्रकार के रचनात्मक आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहयोग की भावना एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित करते हैं।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को आत्मसात करने तथा त्योहारों को स्वच्छता, सौहार्द और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाने की प्रेरणा दी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, उमंग और रचनात्मकता से परिपूर्ण रहा। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
