राशन वितरण में घटतौली पर कोटेदार के साथ संबंधित पूर्ति निरीक्षक की भी तय होगी जिम्मेदारी : डीएम

संजय कुमार गुप्ता
जिला ब्यूरो चाणक्य न्यूज़ इंडिया देवरिया

राशन वितरण में घटतौली पर कोटेदार के साथ संबंधित पूर्ति निरीक्षक की भी तय होगी जिम्मेदारी : डीएम

रिक्त राशन दुकानों का तीन माह के भीतर आवंटन सुनिश्चित करें अधिकारी

बाट-माप और पेट्रोल पंपों पर घटतौली रोकने के लिए अभियान चलाकर करें जांच

अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण कराएं, योजनाओं का लाभ पात्रों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाएं : जिलाधिकारी

देवरिया 04 नवंबर

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आपूर्ति, खाद्य एवं रसद, बाट-माप तथा मंडी विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि आपूर्ति विभाग द्वारा राशन का वितरण नियमित रूप से निर्धारित समय पर सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्तर पर कोटेदारों द्वारा घटतौली न की जाए। इसके लिए उन्होंने पूर्ति निरीक्षकों को प्रभावी रूप से निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है और घटतौली पाई जाती है, तो कोटेदार के साथ-साथ संबंधित पूर्ति निरीक्षक की भी जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपद में रिक्त राशन की दुकानों का आवंटन भी प्राथमिकता के आधार पर किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में तीन माह से अधिक समय तक राशन की दुकान का आवंटन लंबित नहीं रहना चाहिए। इस कार्य में शीघ्रता लाते हुए आवंटन की कार्रवाई पूर्ण की जाए। जिलाधिकारी ने राशन कार्ड बनाए जाने एवं आधार सीडिंग के कार्यों की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने घटतौली एवं बाट-माप में मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान चलाकर नियमित रूप से बाट-माप की जांच की जाए। कहीं भी अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही पेट्रोल पंपों आदि पर भी घटतौली एवं अन्य अनियमितताओं की रोकथाम के लिए प्रभावी रूप से निरीक्षण किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने किसानों के पंजीकरण कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश देते हुए डिप्टी आरएमओ एवं मंडी विभाग को इस माह में अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण कराने का लक्ष्य निर्धारित करने को कहा। मंडी समिति को अनाज मंडियों में किसानों को जागरूक करने के लिए शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण हो सके।
जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान आपूर्ति से जुड़े सभी विभागों को अपनी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से सभी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी की इस बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज प्रकाश राठौर, जिला पूर्ति अधिकारी, डिप्टी आरएमओ, मंडी सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *