18 विभागों की विकास प्रदर्शनी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम, गायिका पायल साहू देंगी प्रस्तुति
चाणक्य न्यूज़ इंडिया | हिमांशु शुक्ला | बलौदाबाजार-भाटापारा
बलौदाबाजार, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बलौदाबाजार जिले में 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम बलौदाबाजार स्थित पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में आयोजित होगा। समारोह के मुख्य अतिथि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा करेंगे। वहीं जिले के प्रभारी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समारोह में जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, भाटापारा विधायक इंद्र साव, कसडोल विधायक संदीप साहू, बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे सहित जिले के अनेक जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
18 विभागों की उपलब्धियों की दिखेगी झलक
राज्योत्सव के दौरान लगभग 18 शासकीय विभागों द्वारा अपनी उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और विभागीय उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों को मिलेगी। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया जाएगा।
पायल साहू के गीतों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या
राज्योत्सव का मुख्य आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सुप्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी गायिका पायल साहू अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। इसके साथ ही शरद अग्रवाल एंड ग्रुप द्वारा रंग सरगम की प्रस्तुति दी जाएगी। अयान ऑन पियानो, लोक कला मंच ‘नवरंग’, लोक कला मंच ‘मया’ के कलाकारों तथा स्कूली विद्यार्थियों द्वारा भी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और विकास का होगा संगम
जिला स्तरीय राज्योत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपरा, समृद्ध लोककला, सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। यह समारोह जिलेवासियों के लिए छत्तीसगढ़ की अस्मिता, गौरव और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ने का विशेष अवसर होगा।
