गोंडा से जिला रिपोर्टर वैभव शुक्ला की रिपोर्ट आज सिंगारघाट आएंगे मुख्यमंत्री योगी, पांच करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

सुबह 10 बजे विशाल जनसभा को करेंगे संबोधित, मंडलायुक्त ने डीएम और विधायक के साथ परखी तैयारियां

छपिया (गोंडा)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गौरा विधानसभा क्षेत्र के तेजपुर स्थित सिंगारघाट पहुंचेंगे। यहां सुबह 10 बजे आयोजित विशाल जनसभा में वह लगभग पांच करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।

रविवार को मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जनसभा स्थल, आवागमन, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत व्यवस्था सहित अन्य इंतजामों का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में सुव्यवस्थित ढंग से पूरी कराने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम महत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से अपनी जिम्मेदारियां निभाएं और आमजन की सुविधा व सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। जिलाधिकारी ने ड्यूटी में लगे अधिकारियों को तैयारियां युद्धस्तर पर पूरी करने के साथ कार्यक्रम समाप्त होने तक लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

उधर, जनसभा स्थल पर मंच निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। टेंट लगाने और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बारिश से मैदान में हुए जलभराव और कीचड़ को हटाकर समतल कराया गया है। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतरने के लिए हेलीपैड भी तैयार हो चुका है। निरीक्षण के दौरान गौरा विधायक प्रभात कुमार वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *