समर्पण के एक साल: सेवा के संकल्प के साथ वृहद भंडारा, हजारों लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद

प्रथम स्थापना दिवस पर केक काटकर मनाई वर्षगांठ, सैनिक रोड के कोइरिया टोला नहर चौक के समीप जरूरतमंदों और राहगीरों के लिए सजा मासिक भंडारा

श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर
चाणक्य न्यूज़ इंडिया

रक्सौल। सामाजिक सेवा को उद्देश्य बनाकर कार्य कर रही स्वयंसेवी संस्था ‘समर्पण’ ने अपनी स्थापना की प्रथम वर्षगांठ सेवा और मानवीय सहयोग के संकल्प के साथ मनाई। संस्था के सदस्यों और सेवकों ने केक काटकर एक वर्ष की यात्रा पूरी होने की खुशी साझा की। इस अवसर पर सैनिक रोड स्थित कोइरिया टोला नहर चौक के समीप नियमित मासिक भंडारे को वृहद स्वरूप दिया गया।

तेज धूप के बावजूद भंडारा शुरू होते ही जरूरतमंदों, श्रमिकों और राहगीरों की कतार लगने लगी। आयोजन के दौरान हजारों लोगों ने चावल, दाल, आलू-चना की सब्जी, तिलौरी और चटपटी हरी मिर्च का प्रसाद ग्रहण किया। संस्था के सेवक भोजन परोसने से लेकर पूरी व्यवस्था संभालने तक लगातार सक्रिय रहे।

तपती धूप में राहगीरों के लिए बनी सेवा की छांव

संस्था के सदस्यों ने मां अन्नपूर्णा के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि भंडारा केवल भोजन वितरण का आयोजन नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का एक प्रयास है। संस्था ने प्रत्येक माह निर्धारित शनिवार को भंडारे की परंपरा जारी रखने के साथ समाजहित और मानवीय सहयोग से जुड़े अन्य कार्यों को भी आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

आयोजन में संजय गुप्ता, बिनोद कुमार गुप्ता, विजय कुमार महतो, राजू कुमार गुप्ता, अशोक कुमार सिंह, पवन किशोर कुशवाहा, अमित कुमार चढ़्ढा, साइमन रेक्स, रमेश कुमार रौनियर, विजय कुमार चौरसिया एवं शम्भु प्रसाद चौरसिया सहित संस्था के अनेक सेवकों की सक्रिय भागीदारी रही।

संस्था के अमित चढ़्ढा ने कहा कि ‘समर्पण’ सेवा की लौ को निरंतर प्रज्वलित रखते हुए भविष्य में समाजहित के कार्यों का दायरा और बढ़ाएगा।

कार्यक्रम की जानकारी संस्था के सेवक शम्भु प्रसाद चौरसिया ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *