422 बूथों पर 379616 मतदाता 30 जुलाई को वोट देंगे:बांकीपुर उपचुनाव : मतदान करने के लिए सवैतनिक अवकाश रहेगा

बांकीपुर उपचुनाव में मतदान करने के लिए राज्य सरकार ने सवैतनिक सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने चुनाव आयोग के निर्देश के आलोक में यह आदेश जारी किया है। यहां 30 जुलाई को मतदान होगा। जिला प्रशासन ने 164 स्थानों पर 422 मतदान केंद्र बनाए हैं।

इन मतदान केंद्रों पर 3,79,616 मतदाता वोट देंगे। इनमें 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। 18 से 19 साल के मतदाताओं की संख्या 4998, 85 वर्ष से अधिक उम्र वालों की 3166, सेवा मतदाताओं की 269 और दिव्यांग मतदाताओं की 1024 है। 25 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस वजह से 422 मतदान केंद्रों पर 422 कंट्रोल यूनिट और 844 बैलेट यूनिट लगेगी। 40 प्रतिशत ईवीएम को सुरक्षित रखा गया है। इनमें 169 कंट्रोल यूनिट और 338 बैलेट यूनिट हैं। वहीं, 50 प्रतिशत वीवीपैट को सुरक्षित रखा गया है।

पांच मतदान केंद्रों के स्थान बदले

जिला प्रशासन ने भौगोलिक बाधा के कारण पांच मतदान केंद्रों के स्थान में परिवर्तन किया है। इनमें मतदान केंद्र संख्या-244, 245, 246, 247 और 254 हैं। वहीं, पहले से चलंत मतदान केंद्रों में शामिल 24, 26 और 177 को स्थायी भवनों में शिफ्ट किया गया है।

तीन लेयर में होगी सुरक्षा : जिला प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर तीन लेयर में सुरक्षा व्यवस्था रखने का निर्णय लिया है। राज्य पुलिस बल के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। मतदान करने के लिए मतदाता अपनी निजी गाड़ी से मतदान केंद्र के 100 मीटर पहले तक जाएंगे। मतदाताओं का मोबाइल सुरक्षित रखने की व्यवस्था रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *