सम्राट कैबिनेट की बैठक:विकास योजना-विभागों से जुड़े प्रस्ताव पर लगेगी मुहर, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और गया-बैंकॉक के बीच अंतरराष्ट्रीय उड़ान को मिली थी मंजूरी

सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज शाम 5 बजे बिहार कैबिनेट की बैठक होगी। इसमें सरकार कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दे सकती है।

कैबिनेट बैठक में विभिन्न विभागों के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक खत्म होने के बाद शाम 6 बजे कैबिनेट ब्रीफिंग की जाएगी, जिसमें लिए गए फैसलों की जानकारी दी जाएगी।

सरकार की इस बैठक में विकास योजनाओं, प्रशासनिक फैसलों और विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर कैबिनेट की मंजूरी मिल सकती है।

इससे पहले पिछले बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 13 एजेंडों पर मुहर लगी थी। बैठक में खेल, सुरक्षा और विमानन क्षेत्र से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए थे।

सरकार ने अरवल में 6.81 एकड़ जमीन और औरंगाबाद में 13.09 एकड़ भूमि पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने को मंजूरी दी थी। वहीं, सलखुआ में 6.61 एकड़ जमीन पर आउटडोर स्टेडियम बनाया जाएगा। इन परियोजनाओं का निर्माण खेल विभाग करेगा।

गया से बैंकॉक के बीच अंतरराष्ट्रीय उड़ान का प्रस्ताव

सरकार ने गया से बैंकॉक के बीच सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी थी। इसके लिए राज्य सरकार एयरलाइन कंपनी को आर्थिक सहायता देगी।

पिछली बैठक में अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं की सुरक्षा मजबूत करने के लिए IG बॉर्डर के नए पद के गठन को मंजूरी दी गई थी। सरकार का मानना है कि इससे सीमा सुरक्षा और खुफिया तंत्र और मजबूत होगा।

कैबिनेट ने STF में 50 अनुभवी पुलिसकर्मियों को लंबे समय तक प्रतिनियुक्ति पर रखने की मंजूरी भी दी थी। सरकार का कहना है कि इससे उग्रवाद और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।

सम्राट कैबिनेट की अबतक 5 बैठकें हो चुकी हैं

पहली कैबिनेट में 11 आधुनिक शहरों का ऐलान

बिहार में 11 नए आधुनिक शहर बसेंगे। सम्राट कैबिनेट की पहली मीटिंग में इन सेटेलाइट टाउनशिप के विकास को मंजूरी दी गई। इन 11 स्थानों पर जमीन की खरीद-बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई थी।

मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, भागलपुर और छपरा के पास ये रोक 30 जून 2027 तक लागू रहेगी। वहीं, पटना, सोनपुर, गया, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया और मुंगेर के पास यह पाबंदी 31 मार्च 2027 तक रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *