बिहार के सीएम सम्राट चौधरी दिल्ली दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन आज(शुक्रवार) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की है। सीएम ने मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है। ट्वीट कर लिखा, ‘आज राष्ट्रपति भवन में देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी से शिष्टाचार मुलाकात हुई। इस अवसर पर उनका सानिध्य एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।’
राष्ट्रपति से मुलाकात से पहले सीएम ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान से मुलाकात की थी। इस दौरान बिहार में किसानों के सशक्तिकरण तथा कृषि क्षेत्र से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई।
इससे पहले दिल्ली में गुरुवार की देर शाम बिहार कैडर के IAS-IPS अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि ‘विकसित बिहार’ का सपना केवल सरकार के प्रयासों से पूरा नहीं होगा, बल्कि प्रशासनिक तंत्र के अनुभव और सक्रिय सहयोग से ही इसे साकार किया जा सकता है।’
उन्होंने अधिकारियों से राज्य के विकास मॉडल को मजबूत करने, प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने और आम लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में बिहार के लिए दीर्घकालिक प्रशासनिक सुधार, निवेश फ्रेंडली माहौल और बेहतर गवर्नेंस मॉडल पर भी चर्चा हुई।वहीं, अधिकारियों के साथ मीटिंग से पहले मुख्यमंत्री ने गुरुवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की थी। लगभग आधे घंटे हुई बातचीत में उन्होंने राष्ट्रपति से बिहार के विकास को लेकर चर्चा की।
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार सुबह पटना में वीर सावरकर की 143वीं जयंती पर उनके जीवन पर लिखी बुक लॉन्च की। बिहार विधान परिषद में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा, मॉडल स्कूल को सबसे शानदार बनाना है।
उन्होंने कहा कि प्राइवेट और कॉन्वेंट के बच्चे नाम कटाकर मॉडल स्कूल में दाखिला लें। हर ब्लॉक में मॉडल स्कूल खोला जाएगा। हर ब्लॉक तक शिक्षा को मजबूती से लागू किया जाएगा।
बिहार की विरासत बढ़ाने के लिए हर अधिकारी के 2 दिन गांव में रहने का निर्देश दिया गया है। कुछ लोग अपराध को जाति से जोड़कर देखते हैं। ऐसे लोग सिर्फ जाति से जुड़े रहते है।
बिहार को ठीक करने के लिए जाति से बाहर आना होगा। अपराधी किसी भी जाति का हो, पुलिस 48 घंटे में जवाब देगी। जो भी भ्रष्टाचार करेगा, उसे बेऊर जेल में जाना होगा। कार्यक्रम के बाद CM दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
